देश की खबरें | पैरा विश्व कप में भारतीय चुनौती की अगुआई करेंगे अवनि लेखरा और मनीष नरवाल

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. भारत की स्टार पैरा निशानेबाज अवनि लेखरा और मनीष नरवाल शुक्रवार से देश में शुरू होने वाले पैरा निशानेबाजी विश्व कप में 31 सदस्यीय मजबूत भारतीय दल की अगुआई करेंगे।

नयी दिल्ली, सात मार्च भारत की स्टार पैरा निशानेबाज अवनि लेखरा और मनीष नरवाल शुक्रवार से देश में शुरू होने वाले पैरा निशानेबाजी विश्व कप में 31 सदस्यीय मजबूत भारतीय दल की अगुआई करेंगे।

देश में पहली बार पैरा निशानेबाजी विश्व कप का आयोजन किया जा रहा है।

लेखरा ने 2020 तोक्यो ओलंपिक में इतिहास रच दिया था जब वह पैरालंपिक खेलों मे पोडियम पर पहुंचने वाली देश की पहली महिला खिलाड़ी बनी थीं। वहीं नरवाल ने मिश्रित 50 मीटर पिस्टल (एसएच1) में स्वर्ण पदक जीता था।

अब 2024 पेरिस पैरालंपिक खेल करीब हैं तो इन दोनों शीर्ष निशानेबाजों के लिए अपनी तैयारियों को देखने का अच्छा मौका होगा। दोनों पहले ही पेरिस पैरालंपिक के लिए क्वालीफाई कर चुके हैं।

यहां कर्णी सिंह रेंज में होने वाली इस प्रतियोगिता में 44 देशों के 267 पैरा निशानेबाज हिस्सा लेंगे जो पेरिस कोटा हासिल करने के लिए मौजूदा ओलंपिक चक्र का अंतिम टूर्नामेंट है। इस दौरान 20 पेरिस कोटे दाव पर लगे होंगे।

दुनिया भर के मशहूर निशानेबाज इस प्रतियोगिता में हिस्सा लेंगे। संयुक्त अरब अमीरात, रूस और चीन भी मजबूत टीम उतारेंगे। हालांकि रूस तटस्थ प्रतिभागी एथलीट (एनपीए) के तौर पर हिस्सा लेगा।

भारतीय पैरालंपिक समिति (पीसीआई) की निवर्तमान अध्यक्ष दीपा मलिक ने कहा, ‘‘दुनिया हमें विश्व स्तरीय पैरा खेलों के आयोजनों की मेजबानी करने की क्षमता वाले देश के रूप में देखती है। मैं अंतरराष्ट्रीय पैरालंपिक समिति और विश्व निशानेबाजी पैरा खेल को हम पर भरोसा दिखाने के लिए धन्यवाद देती हूं। ’’

पीसीआई महासचिव गुरशरण सिंह ने कहा, ‘‘इतने बड़े टूर्नामेंट की मेजबानी करना आसान नहीं होता। भारत लगातार पैरा खेलों में ‘सुपरपावर’ बनने की ओर बढ़ रहा है। ’’

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\