देश की खबरें | अधिकारियों ने जम्मू के निकट प्रमुख पर्यटक स्थलों पर सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. कश्मीर के पहलगाम में 22 अप्रैल को हुए आतंकी हमले के एक सप्ताह बाद पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने जम्मू के निकट प्रसिद्ध पर्यटन स्थलों का दौरा किया और सुरक्षा स्थिति की व्यापक समीक्षा की। एक अधिकारी ने बुधवार को यह जानकारी दी।
जम्मू, 30 अप्रैल कश्मीर के पहलगाम में 22 अप्रैल को हुए आतंकी हमले के एक सप्ताह बाद पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने जम्मू के निकट प्रसिद्ध पर्यटन स्थलों का दौरा किया और सुरक्षा स्थिति की व्यापक समीक्षा की। एक अधिकारी ने बुधवार को यह जानकारी दी।
डोडा-किश्तवाड़-रामबन रेंज के पुलिस उप महानिरीक्षक श्रीधर पाटिल ने उधमपुर और रामबन जिलों के बीच जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित पटनीटॉप और उससे सटे नत्थाटॉप व सनासर का दौरा किया।
इन स्थलों पर साल भर बड़ी संख्या में पर्यटक आते हैं।
पुलिस के एक प्रवक्ता ने बताया कि उपमहानिरीक्षक ने रामबन के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कुलबीर सिंह और पटनीटॉप विकास प्राधिकरण के प्रतिनिधियों व पर्यटन विभाग के अधिकारियों सहित अन्य पुलिस व सरकारी अधिकारियों के साथ, आगंतुकों की सुरक्षा के लिए किए गए उपायों की समीक्षा की।
उन्होंने बताया कि प्रमुख पर्यटन स्थलों पर सुरक्षा उपायों का विस्तृत मूल्यांकन करने के बाद पाटिल ने विभिन्न होटल संघों, ट्रेकिंग एसोसिएशनों के प्रतिनिधियों और पूर्व सरपंचों सहित स्थानीय निवासियों के साथ एक संवादात्मक बैठक भी की।
प्रवक्ता ने बताया कि बैठक में शामिल होने वाले प्रतिनिधियों को जनता की सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए किए गए सुरक्षा प्रबंधों के बारे में जानकारी दी गई।
उन्होंने बताया कि हितधारकों के बीच तालमेल बढ़ाने के अलावा उठाए जाने वाले अतिरिक्त उपायों पर भी चर्चा की गई।
उपमहानिरीक्षक ने आगंतुकों की सुरक्षा और सहूलियत सुनिश्चित करने के महत्व पर जोर दिया।
प्रवक्ता ने बताया कि अधिकारियों ने पुलिस व नागरिक प्रशासन के बीच समन्वय बढ़ाने, निगरानी में सुधार करने और आगामी भीड़-भाड़ वाले पर्यटक सत्र के लिए कानून-व्यवस्था बनाए रखने की रणनीतियों पर भी चर्चा की।
उन्होंने बताया कि पाटिल का यह दौरा देश भर के पर्यटकों के लिए पटनीटॉप, नत्थाटॉप और सनासर को सुरक्षित गंतव्य के रूप में बढ़ावा देने के लिए प्रशासन की प्रतिबद्धता को दर्शाता है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)