देश की खबरें | भारत के संबंध में कनाडा और अमेरिका के आरोपों को लेकर ऑस्ट्रेलिया ‘चिंतित’

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. हत्या करने की असफल साजिश में एक भारतीय के शामिल होने के अमेरिका के आरोपों और एक सिख अलगाववादी की हत्या से संबंधित कनाडा के आरोपों की पृष्ठभूमि में ऑस्ट्रेलिया ने बुधवार को कहा कि वह इन मामलों को लेकर ‘चिंतित’ है।

नयी दिल्ली, 13 दिसंबर हत्या करने की असफल साजिश में एक भारतीय के शामिल होने के अमेरिका के आरोपों और एक सिख अलगाववादी की हत्या से संबंधित कनाडा के आरोपों की पृष्ठभूमि में ऑस्ट्रेलिया ने बुधवार को कहा कि वह इन मामलों को लेकर ‘चिंतित’ है।

ऑस्ट्रेलिया ने साथ ही जोर देकर कहा कि भारत और ऑस्ट्रेलिया ‘मतभेद’ और ‘संवेदनशील’ मुद्दों से निपटने में सक्षम हैं।

भारत में ऑस्ट्रेलिया के उच्चायुक्त फिलिप ग्रीन ने कहा कि दोनों पक्ष इन मुद्दों पर ‘बंद दरवाजों के पीछे संवेदनशील और सावधानीपूर्वक’ चर्चा करते हैं।

‘एशिया सोसाइटी पॉलिसी इंस्टीट्यूट’ द्वारा आयोजित एक संवाद सत्र में नवनियुक्त उच्चायुक्त ने कहा कि इन मुद्दों पर भारत के साथ ऑस्ट्रेलिया की भागीदारी ‘फाइव-आइज’ साझेदार के तौर पर कम और भारत के मित्र के रूप में अधिक है।

‘द फाइव आइज’ खुफिया जानकारी साझा करने का गठबंधन है जिसमें ऑस्ट्रेलिया, अमेरिका, कनाडा, न्यूजीलैंड और ब्रिटेन शामिल हैं।

ग्रीन ने कहा, ‘‘इस मुद्दे पर भारत के साथ ऑस्ट्रेलिया की भागीदारी फाइव-आइज साझेदार के रूप में कम और भारत के मित्र और एक ऐसे देश के रूप में अधिक है जो भारत का सम्मान करता है और जिसके साथ हमारे संबंध परिपक्व हैं।’’

उन्होंने कहा, ‘‘हम इन मुद्दों पर बंद दरवाजों के पीछे संवेदनशीलता और सावधानी से चर्चा करते हैं और मैं आज उन बयानों से आगे नहीं जाना चाहूंगा जो मेरे विदेश मंत्री और हमारे विभाग ने इन मामलों पर अपनी चिंताओं के बारे में दिए थे।’’

ग्रीन अमेरिका और कनाडा द्वारा भारत को क्रमशः एक सिख अलगाववादी की हत्या की विफल साजिश और एक सिख चरमपंथी की हत्या से जोड़ने के आरोपों पर पूछे गए एक सवाल का जवाब दे रहे थे।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए ऑस्ट्रेलिया उच्चायुक्त ने कहा, ‘‘हम एक-दूसरे के बारे में गहराई से समझ रहे हैं, हमारे बीच मतभेद हैं और हम संवेदनशील मुद्दों का प्रबंधन कर रहे हैं। इनमें अमेरिका और कनाडा में हुई कथित गतिविधियों के बारे में हमारी चिंताएं भी शामिल हैं।’’

अमेरिका के संघीय अभियोजकों ने निखिल गुप्ता पर अमेरिका और कनाडा की दोहरी नागरिकता रखने वाले सिख अलगाववादी गुरपतवंत सिंह पन्नू को मारने की नाकाम साजिश में एक भारतीय सरकारी कर्मचारी के साथ मिलकर काम करने का आरोप लगाया है।

भारत पहले ही आरोपों की जांच के लिए एक जांच टीम गठित कर चुका है।

सितंबर में, कनाडा के प्रधानमंत्री जस्टिन ट्रूडो ने आरोप लगाया था कि जून में कनाडा में खालिस्तानी चरमपंथी हरदीप सिंह निज्जर की हत्या में भारतीय एजेंटों की ‘‘संभावित’’ भागीदारी है। भारत ने इन आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया था।

यह पूछे जाने पर कि क्या ऑस्ट्रेलिया भारत के साथ दोस्ती के वही मानक लागू करेगा जो वह अमेरिका पर लागू करता है, ग्रीन ने कोई सीधा जवाब नहीं दिया लेकिन कहा, ‘‘अमेरिका हमारी सुरक्षा का आधार है।’’

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\