एजेंसी न्यूज

दोबारा अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट शुरू करने की संभावना तलाश रहे हैं आस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड

आस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड की सरकारें पृथकवास से मुक्त यात्रा के लिए गलियारा खोलने की योजना बना रही हैं और ऐसे में न्यूजीलैंड क्रिकेट के मुख्य कार्यकारी अधिकारी डेविड वाइट ने क्रिकेट आस्ट्रेलिया के अपने समकक्ष केविन रॉबर्ट्स के साथ क्रिकेट मैचों की संभावना पर चर्चा की।

दोबारा अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट शुरू करने की संभावना तलाश रहे हैं आस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड

मेलबर्न, 12 मई कोरोना वायरस महामारी के कारण पूर्व निर्धारित अंतरराष्ट्रीय दौरे नहीं होने के कारण आस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड के क्रिकेट बोर्ड आपस में लगातार मैच खेलने की संभावना तलाश रहे हैं।

आस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड की सरकारें पृथकवास से मुक्त यात्रा के लिए गलियारा खोलने की योजना बना रही हैं और ऐसे में न्यूजीलैंड क्रिकेट के मुख्य कार्यकारी अधिकारी डेविड वाइट ने क्रिकेट आस्ट्रेलिया के अपने समकक्ष केविन रॉबर्ट्स के साथ क्रिकेट मैचों की संभावना पर चर्चा की।

वाइट ने ‘सिडनी मॉर्निंग हेराल्ड’ से कहा, ‘‘मैंने इस बारे में केविन रॉबर्ट्स के साथ बात की। अगर ऐसा होता है तो यह शानदार होगा।’’

उन्होंने कहा, ‘‘आगे बढ़ते हुए यह कुछ मौके देगा लेकिन मुझे लगता है कि महत्वपूर्ण यह है कि हम अपना दिमाग खुला रखें और लचीलापन दिखाएं जिससे कि मौका मिलने पर हम उसका फायदा उठा सकें।’’

वाइट ने कहा, ‘‘हमने विशेष रूप से किसी चीज पर बात नहीं की है। हमने एक-दूसरे के खिलाफ खेलने की संभावना पर बात की है।’’

इंडियन प्रीमियर लीग के अनिश्चितकाल के लिए स्थगित होने, बांग्लादेश के टेस्ट दौरे के रद्द होने और जुलाई में इंग्लैंड के सीमित ओवरों के मैचों के दौरे के भी रद्द होने की आशंका के बीच आस्ट्रेलिया को इन सर्दियों में क्रिकेट खेलने का मौका नहीं मिलेगा।

आस्ट्रेलिया में अक्टूबर-नवंबर में होने वाले टी20 विश्व कप के आयोजन पर भी अनिश्चितता है।

न्यूजीलैंड का घरेलू अंतरराष्ट्रीय सत्र भी अनिश्चित है जिसमें पाकिस्तान और वेस्टइंडीज को टेस्ट श्रृंखला जबकि श्रीलंका को सीमित ओवरों के मैचों के लिए उसके यहां आना है।

आस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड मार्च में तीन मैचों की एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय श्रृंखला खेल रहे थे जब कोरोना वायरस के कारण इस श्रृंखला को रद्द करना पड़ा। पहला मैच सिडनी क्रिकेट ग्राउंड में दर्शकों की गैरमौजूदगी में खेला गया था।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, लेटेस्टली स्टाफ ने इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया है)

(The above story first appeared on LatestLY on May 12, 2020 05:56 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).