विदेश की खबरें | आंग सान सू ची का 80वां जन्मदिन : समर्थक बधाई संदेश से विश्व रिकॉर्ड बनाने की तैयारी में
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on world at LatestLY हिन्दी. जन्मदिन वीडियो अभियान के आयोजक कालो से हू ने बताया कि लक्ष्य सू ची को बधाई देने के लिए 80,000 शुभकामना वीडियो बनाकर गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड में स्थान प्राप्त करना था।
जन्मदिन वीडियो अभियान के आयोजक कालो से हू ने बताया कि लक्ष्य सू ची को बधाई देने के लिए 80,000 शुभकामना वीडियो बनाकर गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड में स्थान प्राप्त करना था।
उन्होंने बताया कि बृहस्पतिवार को एकत्र किए गए बधाई वीडियो की संख्या 1,03,000 को पार कर गई, जो 2017 में प्राप्त 32,207 के मौजूदा रिकॉर्ड से तीन गुना अधिक है।
सेना ने फरवरी 2021 में सू ची की लोकतांत्रिक रूप से चुनी गई सरकार को अपदस्थ कर दिया था और उन्हें गिरफ्तार कर लिया था। लोकतंत्र समर्थक नेता पर एक दर्जन से ज्यादा मामले दर्ज हैं।
हालांकि, समर्थकों का दावा है कि सू ची को राजनीति से दूर रखने के लिए ये मामले शुरू किये गए हैं। उन्होंने अपने जीवन के करीब 27 साल कारावास में बिताए हैं और म्यांमा की बड़ी आबादी उन्हें देश की वैध नेता मानती हैं।
लंदन में रह रहे सू ची के बेटे किम एरिस ने बृहस्पतिवार को फेसबुक पोस्ट में कहा कि यह अभियान उनकी मां के वैश्विक समर्थन का एक शक्तिशाली प्रमाण है।
एरिस ने देश के पुराने नाम बर्मा का इस्तेमाल करते हुए कहा, ‘‘मुझे उम्मीद है कि यह उपलब्धि उनकी और बर्मा के लोगों की दुर्दशा की ओर तत्काल ध्यान आकर्षित करेगी। उनकी आवाज को दबाया जा सकता है, लेकिन उनके जज्बे को नहीं।’’
एरिस ने अपनी मां के जन्मदिन के उपलक्ष्य में 80 किलोमीटर लंबी दौड़ की योजना बनाई। साथ ही उन्होंने अन्य लोगों को संख्यात्मक विषय पर सहयोग देने के लिए प्रोत्साहित किया, जैसे 80 मिनट तक चलना या 80 व्यंजन बनाना।
गैर-सरकारी संगठनों द्वारा संकलित आंकड़ों के अनुसार सैन्य शासन के खिलाफ व्यापक सशस्त्र संघर्ष के दौरान सुरक्षा बलों के हाथों 6,800 से अधिक नागरिक मारे गए हैं। यह संघर्ष तब शुरू हुआ जब सैन्य अधिकारियों ने सू ची की निर्वाचित सरकार का तख्ता पलट दिया।
सू ची के सम्मान में बृहस्पतिवार को लोकतंत्र समर्थकों ने उन क्षेत्रों में सड़कों पर विरोध प्रदर्शन का आयोजन किया जो सैन्य नियंत्रण में नहीं हैं, जिनमें उत्तरी काचिन राज्य, मांडले सागाइंग और मैगवे के मध्य क्षेत्र और दक्षिण में तनिनथारी शामिल हैं।
सोशल मीडिया पर कई तस्वीरें प्रसारित हुई हैं जिनमें प्रदर्शनकारी फूल, जन्मदिन के केक और सू ची के पोस्टर, साथ ही ‘हैप्पी बर्थडे’ लिखे बैनर लिए दिख रहे हैं। इनमें समर्थकों से ‘‘दॉ आंग सान सू ची सहित पूरे देश की मुक्ति के लिए प्रयास करने’’ का आह्वान किया गया है।
सैन्य सरकार के समर्थकों ने प्रदर्शनकारियों की गिरफ्तारी की मांग की है।
कई पश्चिमी देशों के दूतावासों ने सोशल मीडिया पर लाल गुलाबों की तस्वीरें और चित्र पोस्ट किए, तथा कुछ ने बयान जारी कर सू ची और अन्य सभी राजनीतिक कैदियों को रिहा करने की मांग की।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Jun 19, 2025 04:06 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

