तेल ब्लॉकों की नीलामी: बोली लगाने की समयसीमा 10 जून तक बढ़ाई गई
खुला क्षेत्र लाइसेंसिग नीति (ओएएलपी) के पांचवें बोली दौर की शुरुआत जनवरी में हुई थी। शुरुआत में बोली पेशकश के लिये 18 मार्च अंतिम तिथी रखी गई थी। इसके बाद बोली लगाने की समयसीमा को 16 अप्रैल 2020 तक के लिये बढ़ा दिया गया। पिछले महीने के अंत में इसे और आगे बढ़ाने की बात कही गई थी लेकिन कोई समयसीमा नहीं बताई गई।
नयी दिल्ली, 15 अप्रैल सरकार ने 11 तेल एवं गैस ब्लॉक में खोज कार्य के लिये बोली लगाने की समयसीमा 10 जून 2020 तक बढ़ा दी है। कोरोना वायरस महामारी की वजह से जारी लॉकडाउन के मद्देनजर तेल एवं गैस खोज के पांचवे दौर में पेश इन ब्लॉक के लिये बोली लगाने की समयसीमा बढ़ाई गई।
खुला क्षेत्र लाइसेंसिग नीति (ओएएलपी) के पांचवें बोली दौर की शुरुआत जनवरी में हुई थी। शुरुआत में बोली पेशकश के लिये 18 मार्च अंतिम तिथी रखी गई थी। इसके बाद बोली लगाने की समयसीमा को 16 अप्रैल 2020 तक के लिये बढ़ा दिया गया। पिछले महीने के अंत में इसे और आगे बढ़ाने की बात कही गई थी लेकिन कोई समयसीमा नहीं बताई गई।
हाइड्रोकार्बन महानिदेशालय (डीजीएच) ने एक ट्वीट में कहा है, ‘‘भारत ओएएलपी बोली के पांचवें दौर के तहत तेल एवं गैस खोज के लिये पेश किये गये 11 ब्लॉक के लिये बोली सौंपने की अंतिम तिथि को 10 जून 2020 तक के लिये बढ़ा दिया गया है।’’
इससे पहले पिछले महीने के आखिर में डीजीएच ने कहा था कि कोविड- 19 महामारी को देखते हुये देश में लागू किये गये लॉकडाउन के मद्देनजर ओएएलपी के पांचवें दौर के तहत बोली लगाने की अंतिम तिथि को आगे बढ़ाया जायेगा। नई तिथि बाद में अधिसूचित की जायेगी।
खुला क्षेत्र लाइसेंसिंग नीति के पहले चार दौर में पिछले ढाई साल के दौरान सरकार 94 ब्लॉक का आवंटन कर चुकी है। ये ब्लॉक 1,36,800 वर्ग किलोमीटर क्षेत्र में फैले हैं।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, लेटेस्टली स्टाफ ने इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Apr 15, 2020 08:54 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).