देश की खबरें | आतिशी दिल्ली विधानसभा की पहली महिला नेता प्रतिपक्ष बनीं

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. दिल्ली की पूर्व मुख्यमंत्री एवं कालकाजी सीट से विधायक आतिशी को रविवार को यहां आम आदमी पार्टी (आप) के विधायकों की बैठक में दिल्ली विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष चुना गया।

नयी दिल्ली, 23 फरवरी दिल्ली की पूर्व मुख्यमंत्री एवं कालकाजी सीट से विधायक आतिशी को रविवार को यहां आम आदमी पार्टी (आप) के विधायकों की बैठक में दिल्ली विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष चुना गया।

इसके साथ ही, आतिशी दिल्ली विधानसभा में पहली महिला नेता प्रतिपक्ष बन गई हैं। पार्टी के 22 विधायकों की बैठक में ‘आप’ प्रमुख अरविंद केजरीवाल भी शामिल हुए, जिसमें आतिशी को नेता प्रतिपक्ष चुना गया।

पार्टी की दिल्ली इकाई के संयोजक गोपाल राय ने संवाददाता सम्मेलन में कहा कि सभी ‘आप’ विधायकों ने सर्वसम्मति से आतिशी को विपक्ष का नेता चुना है।

उन्होंने बताया कि बुराड़ी से विधायक संजीव झा ने नेता प्रतिपक्ष के लिए आतिशी के नाम का प्रस्ताव रखा और सभी विधायकों ने उसका समर्थन किया। राय बाबरपुर से विधायक हैं।

आतिशी ने संवाददाता सम्मेलन में पार्टी प्रमुख केजरीवाल और सभी विधायकों का आभार जताया।

उन्होंने, ‘‘आप सदन में दिखाएगी कि एक मजबूत विपक्ष की क्या भूमिका होती है और सभी मुद्दों को पूरी ताकत से उठाएगी। आप यह सुनिश्चित करेगी कि सत्ता में रहने के नाते भाजपा अपने सभी वादे पूरे करे। खास तौर पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का 8 मार्च तक दिल्ली की महिलाओं को 2,500 रुपये देने का वादा। हम वादा करते हैं कि हम रेखा गुप्ता के नेतृत्व वाली भाजपा सरकार से यह वादा पूरा करवाएंगे।’’

दिल्ली विधानसभा का पहला सत्र 24 फरवरी से शुरू होगा। दिल्ली की भाजपा सरकार ने कहा है कि तीन दिवसीय सत्र में, पिछली ‘आप’ सरकार के प्रदर्शन पर लंबित नियंत्रक एवं महालेखा परीक्षक (कैग) की रिपोर्ट सदन में पेश की जाएगी। यह रिपोर्ट पेश किए जाने की संभावना पर आतिशी ने कहा कि यह एक नियमित प्रक्रिया है और उन्होंने मुख्यमंत्री रहते हुए यह रिपोर्ट सदन को भेजी थीं।

केजरीवाल ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘मैं आतिशी जी को सदन में आप का नेता चुने जाने पर बधाई देता हूं। आप दिल्ली के लोगों के हित में रचनात्मक विपक्ष की भूमिका निभाएगी।’’

आतिशी ने ‘एक्स’ पर पोस्ट कर कहा, ‘‘दिल्ली की जनता ने हमें विपक्ष की भूमिका सौंपी है और एक मजबूत विपक्ष के तौर पर हम यह सुनिश्चित करेंगे कि भाजपा सरकार दिल्ली की जनता से किए गए अपने सभी वादे पूरे करे।’’

उन्होंने कहा, ‘‘चुनाव के दौरान मोदी जी ने दिल्ली की सभी महिलाओं को 2,500 रुपये प्रतिमाह देने की गारंटी दी थी। हम भाजपा सरकार से यह वादा जरूर पूरा करवाएंगे।’’

पूर्व उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने भी आतिशी को बधाई दी। उन्होंने ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, ‘‘आम आदमी पार्टी एक जिम्मेदार और सक्रिय विपक्ष की भूमिका निभाएगी और हमेशा दिल्ली की जनता के हितों को प्राथमिकता देगी।’’

भाजपा ने पांच फरवरी को हुए विधानसभा चुनाव में 70 में से 48 सीट जीतकर ‘आप’ को दिल्ली की सत्ता से बाहर कर दिया। ‘आप’ संयोजक अरविंद केजरीवाल और मनीष सिसोदिया समेत पार्टी के कई शीर्ष नेता चुनाव हार गए।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\