विदेश की खबरें | गाजा में आश्रयस्थल पर इजराइली हमले में कम से कम 21 लोग मारे गए : फलस्तीनी अधिकारी
श्रीलंका के प्रधानमंत्री दिनेश गुणवर्धने

अधिकारियों ने बताया कि मृतक संख्या बढ़ सकती है।

इजराइल ने फलस्तीनी क्षेत्र में उग्रवादी ठिकानों पर हमले जारी रखे हैं, जबकि उसका ध्यान लेबनान में हिजबुल्ला के खिलाफ युद्ध और ईरान के साथ बढ़ते तनाव पर केंद्रित है। उसने इस सप्ताह की शुरुआत में उत्तरी गाजा में हमास के विरुद्ध बड़े पैमाने पर हवाई और जमीनी अभियान शुरू किया था।

अल-अक्सा शहीदी अस्पताल ने दीर अल-बला के केंद्रीय शहर में हुए हमले में मारे गए लोगों की संख्या की पुष्टि की है। हमले के बाद हताहतों को इसी अस्पताल में लाया गया था। उसने कहा कि हमले में कई अन्य लोग घायल हुए हैं।

एसोसिएटेड प्रेस के एक संवाददाता ने अस्पताल में एक के बाद एक कई एंबुलेंस को आते देखा और शवों की गिनती की। अस्पताल में कई शव क्षत-विक्षत अवस्था में पहुंचे थे।

इजराइली सेना की ओर से तत्काल कोई टिप्पणी नहीं की गई। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि हमले का लक्ष्य आश्रय गृह के अंदर हमास द्वारा संचालित पुलिस की अस्थायी चौकी थी।

पिछले साल सात अक्टूबर को हुए हमले के बाद युद्ध की शुरुआत होने के एक साल से भी अधिक समय बाद हमास ने इजराइली सेना पर हमले जारी रखे हैं तथा इजराइल में कभी कभार रॉकेट दागे हैं।

हमास के नेतृत्व वाले उग्रवादियों ने इजराइल में घुसकर सेना के ठिकानों और कृषक समुदायों पर हमला किया, जिसमें लगभग 1,200 लोग मारे गए, जिनमें अधिकतर आम नागरिक थे। इस हमले के दौरान लगभग 250 अन्य को अगवा कर लिया गया था।

उन्होंने अब भी लगभग 100 लोगों को बंधक बना रखा है, जिनमें से एक तिहाई के मृत होने की आशंका है।

स्थानीय स्वास्थ्य अधिकारियों के अनुसार, इजरायल के आक्रमण में 42,000 से अधिक फलस्तीनी मारे गए हैं।

हालांकि, उन्होंने यह नहीं बताया कि इनमें कितने लड़ाके थे, लेकिन उनका कहना है कि मरने वालों में आधे से अधिक महिलाएं और बच्चे हैं।

युद्ध ने गाजा के बड़े क्षेत्र को बर्बाद कर दिया है और इसकी 23 लाख की आबादी में से लगभग 90 प्रतिशत लोग विस्थापित हो गए हैं।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)