देश की खबरें | असम : कांग्रेस सांसद पर हमले के मुद्दे पर हंगामा, विधानसभा की बैठक 30 मिनट में दो बार स्थगित
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. असम के नागांव जिले में कांग्रेस सांसद रकीबुल हुसैन पर हमले को लेकर विधानसभा में शुक्रवार को हंगामा हुआ।
गुवाहाटी, 21 फरवरी असम के नागांव जिले में कांग्रेस सांसद रकीबुल हुसैन पर हमले को लेकर विधानसभा में शुक्रवार को हंगामा हुआ।
विधानसभा की कार्यवाही शुरू होने पर विपक्षी दल कांग्रेस के विधायकों ने मामले पर चर्चा के लिए स्थगन प्रस्ताव को अस्वीकार किए जाने के बाद शोरगुल शुरू कर दिया, जिसके बाद विधानसभा अध्यक्ष विश्वजीत दैमारी ने 30 मिनट के भीतर सदन की कार्यवाही दो बार स्थगित की।
सुबह 9.30 बजे सदन की कार्यवाही शुरू होते ही विपक्ष के नेता एवं कांग्रेस विधायक देवव्रत सैकिया ने कार्य स्थगन प्रस्ताव की मांग की।
उन्होंने कहा कि विधानसभा में इस मामले पर मुख्यमंत्री के जवाब में हुसैन पर हमले के लिए कोई दुख या क्षोभ का भाव नहीं था।
धुबरी के सांसद हुसैन और उनके निजी सुरक्षा अधिकारियों (पीएसओ) पर बृहस्पतिवार को नागांव जिले के रूपोहिहाट में अज्ञात व्यक्तियों ने हमला किया था।
पुलिस ने बताया कि कांग्रेस सांसद रूपोही पुलिस थाने के अंतर्गत गुनोमारी गांव में पार्टी कार्यकर्ताओं की बैठक में भाग लेने के लिए दोपहिया वाहन से जा रहे थे तभी उन पर लोगों के एक समूह ने क्रिकेट के बल्लों से हमला कर दिया। इन लोगों ने काले कपड़े से अपने चेहरे ढके हुए थे और वे सांसद के खिलाफ नारे लगा रहे थे।
पुलिस महानिदेशक ने बाद में बताया कि सांसद को कोई चोट नहीं आई है लेकिन उनके दो निजी सुरक्षाकर्मियों को मामूली चोटें आई हैं और उनका उपचार किया जा रहा है।
विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि कार्य स्थगन प्रस्ताव की अनुमति नहीं दी जा सकती क्योंकि वित्त विधेयक पर चर्चा होनी है।
मंत्री पीयूष हजारिका ने, सरकार द्वारा अपराधी के खिलाफ कोई कार्रवाई न किए जाने संबंधी सैकिया के आरोप का जवाब देते हुए दावा किया कि हमलावरों की पहचान कर ली गई है और कार्रवाई की जा रही है।
जवाब से असंतुष्ट कांग्रेस विधायक आसन के समीप आ गए और शोरगुल करने लगे। इसपर भाजपा विधायकों ने भी विपक्षी विधायकों पर पलटवार करते हुए दावा किया कि कांग्रेस शासन के दौरान उनके नेताओं पर हमले हुए लेकिन कोई कार्रवाई नहीं की गई।
हंगामे के बीच अध्यक्ष ने सदन की कार्यवाही 10 मिनट के लिए स्थगित कर दी। जैसे ही सदन की कार्यवाही पुनः शुरू हुई कांग्रेस विधायक एक बार फिर आसन के समक्ष आ गए और इस मुद्दे पर चर्चा की मांग करने लगे। शोरगुल जारी रहने पर कार्यवाही पांच मिनट के लिए फिर स्थगित कर दी गई।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)