देश की खबरें | असम : दो मोटरसाइकिलों की टक्कर में तीन लोगों की मौत
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी.
करीमगंज, 26 जुलाई असम के करीमगंज जिले में दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने की टक्कर में तीन लोगों की मौत हो गयी। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी।
पुलिस के मुताबिक सिलचर-करीगगंज राष्ट्रीय राजमार्ग पर रविवार की रात तेज रफ्तार से आ रहीं दो मोटरसाइकिलें अनियंत्रित हो गयीं और उनमें आमने-सामने टक्कर हो गई।
इस दुर्घटना में विशाल नाथ (25) की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल 24 वर्षीय दीपंजन घोष को स्थानीय अस्पताल ले जाया गया, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया।
दुर्घटना में तीसरे पीड़ित व्यक्ति बिप्रोजीत घोष (24) को पहले करीमगंज सिविल अस्पताल ले जाया गया और फिर वहां से सिलचर मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल रेफर किया गया। सिलचर में उसे मृत घोषित कर दिया गया।
बड़ापुर थाने के प्रभारी अधिकारी दीपक कुमार सैकिया ने बताया कि दुर्घटना के बाद स्थानीय लोगों का एक समूह दुर्घटनास्थल पर जमा हो गया और जब पुलिस मौके पर पहुंची तो उन्होंने सुरक्षाकर्मियों पर हमला कर दिया। स्थिति को नियंत्रण में लाने के लिए पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा। पुलिस की कार्रवाई में बाधा पहुंचाने के आरोप में छह लोगों को हिरासत में लिया गया है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)