देश की खबरें | असम : अवैध तरीके से भारत में प्रवेश कर रहे तीन बांग्लादेशी पकड़े गए

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा ने मंगलवार को कहा कि असम पुलिस ने भारत में अवैध रूप से प्रवेश करने के आरोप में तीन बांग्लादेशियों को पकड़ा और उन्हें पड़ोसी देश को सौंप दिया है।

गुवाहाटी, 20 अगस्त मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा ने मंगलवार को कहा कि असम पुलिस ने भारत में अवैध रूप से प्रवेश करने के आरोप में तीन बांग्लादेशियों को पकड़ा और उन्हें पड़ोसी देश को सौंप दिया है।

उन्होंने बताया कि तीनों बांग्लादेश के राजशाही जिले के रहने वाले हैं और काम के लिए चेन्नई जाने की योजना बना रहे थे।

शर्मा ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर लिखा, ‘‘असम पुलिस ने कल रात तीन बांग्लादेशी नागरिकों को पकड़ा, जो त्रिपुरा की ओर से भारत में घुसे थे।’’

मुख्यमंत्री ने बताया कि उनकी पहचान मोहम्मद अबू शैद, असदुल इस्लाम और मोहम्मद सरवर के रूप में हुई है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि उनमें से एक के पास आधार कार्ड मिला और उसने दूसरी बार भारत में प्रवेश किया था।

शर्मा ने कहा, ‘‘तीनों का इरादा मजदूरी के लिए चेन्नई जाने का था। उन्हें वापस बांग्लादेश भेज दिया गया है।’’

एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि तीनों बांग्लादेशियों को त्रिपुरा से लगी अंतरराज्यीय सीमा से होते हुए असम के करीमगंज जिले में प्रवेश करने की कोशिश करते समय पकड़ा गया।

एक अन्य घटना में सोमवार रात धुबरी में एक बांग्लादेशी महिला को हिरासत में लिया गया और उसे उसके देश के अधिकारियों को सौंप दिया गया।

एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि पूछताछ के दौरान महिला ने दावा किया कि वह 15 अन्य लोगों के साथ 17 अगस्त को बांग्लादेश से निकली थी और अगले दिन सीमा के दोनों ओर दो दलालों की मदद से उसने भारत में प्रवेश किया था।

उसने दावा किया कि उसके पति सहित चार लोगों ने एक घर में शरण ली थी, लेकिन बाद में वे अलग हो गए तथा पुलिस ने उसे पकड़ लिया।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

संबंधित खबरें