देश की खबरें | असम : 60 हजार किग्रा से अधिक सुपारी जब्त कर थाने में रखी गई, अब तक नहीं किया किसी ने भी दावा
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. असम के कछार जिले के लखीपुर पुलिस थाने में विभिन्न अभियानों के दौरान जब्त की गई 60 हजार किलोग्राम से अधिक लावारिस सुपारी लेने के लिए किसी के आगे नहीं आने से स्थानीय प्राधिकारियों की समस्या बढ़ गई है। पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने यह जानकारी दी।
सिलचर (असम), चार मार्च असम के कछार जिले के लखीपुर पुलिस थाने में विभिन्न अभियानों के दौरान जब्त की गई 60 हजार किलोग्राम से अधिक लावारिस सुपारी लेने के लिए किसी के आगे नहीं आने से स्थानीय प्राधिकारियों की समस्या बढ़ गई है। पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने यह जानकारी दी।
अधिकारी ने बताया कि किसी भी मालिक ने इस माल पर अपना दावा नहीं किया है, जिससे यह सवाल उठ रहा है कि क्या सुपारी तस्करी के लिए ही थी।
अधिकारी ने सोमवार को बताया, ‘‘जब्त की गई सुपारी लखीपुर थाने में रखी गई लेकिन अब यह बड़ी समस्या बन गई है क्योंकि इस पर दावा करने के लिए असली मालिक आगे नहीं आ रहा है। अलग-अलग दो अभियानों में 60,420.26 किलोग्राम सुपारी जब्त की गई है, जो अपने वैध मालिकों का पता लगाने के बार-बार प्रयासों के बावजूद लावारिस बनी हुई है।’’
पुलिस के अनुसार, 13 अक्टूबर 2024 के पहले मामले में 405 बोरी सुपारी जब्त की गई, जिसका वजन 26,905 किलोग्राम था और 26 दिसंबर 2023 के दूसरे मामले में 33,515.26 किलोग्राम सुपारी जब्त की गई।
अधिकारी ने बताया कि लखीपुर थाना परिसर में सुपारी की बोरियां पड़ी हैं, लेकिन कोई भी व्यक्ति या संस्था स्वामित्व के वैध सबूत के साथ आगे नहीं आए हैं।
अधिकारी ने कहा कि इतनी बड़ी मात्रा में मिले माल का दावा नहीं किए जाने के कारण, यह अटकलें लगाई जा रही हैं कि यह माल कहां से आया है और क्या जब्त किया गया माल अवैध व्यापार से जुड़ा है या नहीं।
उन्होंने कहा कि जब्त की गई इन वस्तुओं के वास्तविक मालिकाना हक वाले किसी भी व्यक्ति या व्यावसायिक इकाई से आगे आकर आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत करने का अंतिम आह्वान किया जा रहा है और ऐसा न करने पर लावारिस संपत्ति के संबंध में आगे की कानूनी कार्रवाई हो सकती है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)