एजेंसी न्यूज

देश की खबरें | असम में बाढ़: दो और लोगों की मौत

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. असम में बाढ़ के कारण सोमवार को दो और लोगों की मौत हो गई, जबकि सात जिलों में अब भी 65,500 लोग प्रभावित हैं। एक आधिकारिक बुलेटिन में यह जानकारी दी गई।

देश की खबरें | असम में बाढ़: दो और लोगों की मौत

गुवाहाटी, 14 अगस्त असम में बाढ़ के कारण सोमवार को दो और लोगों की मौत हो गई, जबकि सात जिलों में अब भी 65,500 लोग प्रभावित हैं। एक आधिकारिक बुलेटिन में यह जानकारी दी गई।

असम राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (एएसडीएमए) की दैनिक रिपोर्ट के अनुसार, सोनितपुर जिले के चारदुवार में बाढ़ के कारण दो लोगों की जान चली गई।

इसके साथ ही पूर्वोत्तर राज्य में इस साल बाढ़ के कारण मरने वालों की संख्या बढ़कर 14 हो गई है।

बुलेटिन में बताया गया कि चिरांग, दरांग, धेमाजी, डिब्रूगढ़, कोकराझार, शिवसागर और सोनितपुर जिलों में करीब 65,500 लोग अब भी प्रभावित हैं। हालांकि, प्रभावितों की संख्या कम हुई है।

इन सात जिलों में रविवार को बाढ़ प्रभावित लोगों की संख्या 75,200 थी।

बुलेटिन के अनुसार धेमाजी जिले में सबसे अधिक करीब 31,000 लोग प्रभावित हैं जबकि शिवसागर में 29,300 और चिरांग में लगभग 2,200 लोग बाढ़ से प्रभावित हैं।

प्रशासन की ओर से शिवसागर में सात राहत शिविर खोले गए हैं, जहां 1,329 लोगों को आश्रय दिया हुआ है और छह जिलों में 20 राहत वितरण केंद्र चल रहे हैं।

एएसडीएमए ने बताया कि वर्तमान में 316 गांव जलमग्न हैं और पूरे राज्य में 5,743.09 हेक्टेयर क्षेत्र में फसलों को नुकसान हुआ है।

जोरहाट, शिवसागर, चिरांग, सोनितपुर, बारपेटा और धेमाजी में बाढ़ के कारण तटबंध, सड़कें, पुल और अन्य बुनियादी ढांचे क्षतिग्रस्त हो गए हैं।

ब्रह्मपुत्र नदी धुबरी, तेजपुर में खतरे के निशान से ऊपर बह रही है।

रिपोर्ट में बताया गया है कि राज्य भर में लगभग 23 हजार पशु भी प्रभावित हैं।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

(The above story first appeared on LatestLY on Aug 14, 2023 08:38 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).