देश की खबरें | असम के मुख्यमंत्री शर्मा 13 साल से मेरे बारे में निराधार टिप्पणी कर रहे हैं: कांग्रेस सांसद गोगोई
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. कांग्रेस नेता गौरव गोगोई ने रविवार को दावा किया कि असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा ने 13 साल पहले राजनीति में शामिल होने के बाद से उनके बारे में कई निराधार टिप्पणियां की हैं और वह (हिमंत) जो कुछ भी कह रहे हैं, उनमें से 99 प्रतिशत ‘‘बकवास’’ है।
नयी दिल्ली, 18 मई कांग्रेस नेता गौरव गोगोई ने रविवार को दावा किया कि असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा ने 13 साल पहले राजनीति में शामिल होने के बाद से उनके बारे में कई निराधार टिप्पणियां की हैं और वह (हिमंत) जो कुछ भी कह रहे हैं, उनमें से 99 प्रतिशत ‘‘बकवास’’ है।
गोगोई ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा कि शर्मा को तथ्यों को सार्वजनिक रूप में रखना चाहिए और सितंबर जैसी किसी काल्पनिक समयसीमा की आड़ लेना बंद करना चाहिए।
इससे पहले दिन में, मुख्यमंत्री शर्मा ने आरोप लगाया कि कांग्रेस सांसद गोगोई ने पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई के निमंत्रण पर पाकिस्तान का दौरा किया था और उन्होंने पड़ोसी देश के प्रतिष्ठान के साथ करीब से काम किया था।
शर्मा ने गुवाहाटी में एक आधिकारिक कार्यक्रम के मौके पर पत्रकारों से कहा कि सरकार के पास इस दावे के समर्थन में दस्तावेजी सबूत हैं और उचित सत्यापन के बाद ‘‘हर सबूत 10 सितंबर तक जनता के सामने पेश किया जाएगा।’’
गोगोई ने कहा, ‘‘मैं असम के मुख्यमंत्री के स्वास्थ्य को लेकर चिंतित हूं। कारण का पता नहीं लेकिन असम (की राजनीति) में प्रवेश के बाद से ही मैं उनके निशाने पर हूं। उन्होंने (शर्मा) पिछले 13 वर्षों में मेरे बारे में कई निराधार टिप्पणियां की हैं। सबसे हालिया टिप्पणी बेहद बेतुकी है।’’
लोकसभा में कांग्रेस के उपनेता ने कहा कि अक्सर कहा जाता है कि जब कोई घरेलू परेशानी होती है तो उसका असर व्यक्ति की मानसिक स्थिति पर पड़ता है।
कांग्रेस नेता ने कहा, ‘‘हम यह सुनिश्चित करेंगे कि 2026 के (विधानसभा चुनाव के) बाद उन्हें कुछ आराम मिले। मुख्यमंत्री जिस पटकथा पर काम कर रहे हैं, वह बी-ग्रेड फिल्म से भी बदतर है।’’
गोगोई ने दावा किया कि एक झूठ को छिपाने के लिए अनगिनत बार झूठ बोलना पड़ता है और मुख्यमंत्री ठीक यही कर रहे हैं।
शर्मा पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा, ‘‘वह कोई तथ्य नहीं दे रहे हैं और केवल ‘आईटी सेल ट्रोल’ की तरह व्यवहार कर रहे हैं। एक मुख्यमंत्री को एक ट्रोल जैसा नहीं होना चाहिए। यदि उनके पास अपने हालिया आरोप के समर्थन में कोई तथ्य है तो उन्हें इसे सार्वजनिक करना चाहिए।’’
गोगोई ने कहा कि उन्हें संदेह है कि शर्मा सितंबर में भी कोई ठोस तथ्य सामने रखेंगे या नहीं।
अगले साल प्रस्तावित विधानसभा चुनाव के मद्देनजर उन्होंने कहा कि कांग्रेस राज्य की खराब आर्थिक स्थिति और राजनीतिक संरक्षण में चल रहे कोयला-मादक पदार्थ माफिया पर ध्यान केंद्रित करेगी।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on May 18, 2025 08:12 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

