देश की खबरें | असम उपचुनाव : दोपहर एक बजे तक 51.65 फीसदी मतदान
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. असम की पांच विधानसभा सीटों पर उपचुनाव के लिए मतदान शांतिपूर्ण तरीके से हो रहा है। अधिकारियों ने बताया कि इन सीटों पर शनिवार को दोपहर एक बजे तक 51.65 फीसदी मतदाताओं ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया।
गुवाहाटी, 30 अक्टूबर असम की पांच विधानसभा सीटों पर उपचुनाव के लिए मतदान शांतिपूर्ण तरीके से हो रहा है। अधिकारियों ने बताया कि इन सीटों पर शनिवार को दोपहर एक बजे तक 51.65 फीसदी मतदाताओं ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया।
उन्होंने बताया कि गुसाईंगांव, भबानीपुर, तामुलपुर, मरियानी और थोवरा सीटों पर शनिवार को कड़ी सुरक्षा के बीच और कोविड-19 नियमों का कड़ाई से पालन करते हुए मतदान जारी है।
अधिकारियों ने बताया कि पांच सीटों पर 31 उम्मीदवारों के राजनीतिक भाग्य का फैसला करीब 7.96 लाख मतदाताओं के हाथ में है और मतदान के पहले छह घंटे में तकरीबन 51.65 फीसदी मतदान हो चुका है। उन्होंने बताया कि सर्वाधिक 62 फीसदी मतदान भबानीपुर में हुआ। गुसाईंगांव में 57.94 फीसदी, थोवरा में 54.52 फीसदी, तामुलपुर में 47 फीसदी और मरियानी में 35.13 फीसदी मतदान हुआ।
सुबह सात बजे आरंभ हुआ मतदान शाम पांच बजे तक चलेगा।
निर्वाचन आयोग के एक अधिकारी ने बताया कि अब तक कहीं से किसी अप्रिय घटना की सूचना नहीं है। उन्होंने बताया कि 1,176 मतदान केंद्रों पर केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल के जवानों को तैनात किया गया है।
अधिकारी ने बताया कि चुनाव सुचारू रूप से हो रहे हैं या नहीं इसपर निगरानी के लिए सभी मतदान केंद्रों पर वेबकास्ट व्यवस्था की गई है।
गुसाईंगांव और तामुलपुर के विधायकों के निधन के बाद वहां उपचुनाव की जरूरत पड़ी, वहीं भबानीपुर, मरियानी तथा थोवरा के विधायकों ने सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी में शामिल होने के लिए विधानसभा की सदस्यता से इस्तीफा दे दिया था।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)