गुवाहाटी, चार जून असम के डिब्रूगढ़ लोकसभा क्षेत्र में जीत के करीब पहुंच रहे केंद्रीय मंत्री सर्बानंद सोनोवाल ने कहा कि भाजपा नीत राजग केंद्र में अगली सरकार बनाएगा।
निवर्तमान लोकसभा में कांग्रेस के उपनेता और जोरहाट निर्वाचन क्षेत्र पर बढ़त बनाए हुए गौरव गोगोई ने कहा कि ये परिणाम देश में एक नए रुझान का संकेत हैं।
निर्वाचन आयोग की वेबसाइट पर दोपहर 12:45 बजे उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार, भाजपा और उसके सहयोगी राज्य की 14 में से नौ लोकसभा सीट पर आगे हैं, जबकि कांग्रेस तीन सीट पर बढ़त बनाए हुए।
सोनोवाल ने डिब्रूगढ़ में पत्रकारों से कहा, “जनता ने राजग के लिए अपना समर्थन दिखाया है और हमारी जीत की संभावनाएं बहुत उज्ज्वल हैं। हम निश्चित रूप से सरकार बनाएंगे।”
सोनोवाल अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी असम जातीय परिषद के लुरिनज्योति गोगोई से 1.60 लाख से अधिक मतों से आगे हैं।
गोगोई को राज्य में विपक्षी दलों ने संयुक्त उम्मीदवार के तौर पर मैदान में उतारा था।
दूसरी ओर, गौरव गोगोई ने कहा कि ‘इंडिया’ गठबंधन का उदय एक नए रूझान का संकेत है।
उन्होंने जोरहाट निर्वाचन क्षेत्र के सोनारी में पत्रकारों से बातचीत के दौरान दावा किया, ‘‘सिर्फ असम में ही नहीं, राजस्थान या उत्तर प्रदेश में भी विपक्ष ने खुद को साबित किया है। यह देश में एक नए रूझान का संकेत है। भाजपा की कोई लहर नहीं थी, अन्यथा उन्हें 400 सीटे मिलतीं।’’
गोगोई भाजपा के निवर्तमान सांसद तपन कुमार गोगोई से 80,000 से अधिक मतों से आगे हैं।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY