नयी दिल्ली, तीन मार्च आम आदमी पार्टी (आप) के सुप्रीमो अरविंद केजरीवाल दिल्ली में अपनी पार्टी के सत्ता गंवा बैठने के करीब एक महीने बाद मंगलवार को 10 दिवसीय विपश्यना सत्र के लिए पंजाब जाएंगे। पार्टी के सूत्रों ने यह जानकारी दी।
आप सूत्रों ने बताया कि केजरीवाल मंगलवार को ध्यान शिविर के लिए होशियारपुर रवाना होंगे।
सूत्रों ने बताया कि वह पांच मार्च से 15 मार्च तक वहां एक केंद्र में विपश्यना सत्र में शामिल होंगे।
केजरीवाल ने दिसंबर 2023 में होशियारपुर के आनंदगढ़ में धम्म धजा विपश्यना केंद्र में 10 दिवसीय सत्र में भाग लिया था।
इससे पहले वह आबकारी नीति से जुड़े धनशोधन मामले में पूछताछ के लिए प्रवर्तन निदेशालय की ओर से समन मिलने के बाद होशियारपुर गये थे।
पांच फरवरी के दिल्ली विधानसभा चुनाव में नयी दिल्ली सीट से चुनाव हारने के बाद केजरीवाल सार्वजनिक रूप से सामने नहीं आए हैं और उन्होंने खुद को पार्टी से संबंधित गतिविधियों तक ही सीमित कर रखा है।
आम आदमी पार्टी ने भारी जनादेश के साथ 2015 से 2024 तक दिल्ली पर राज किया था लेकिन इस हालिया विधानसभा चुनाव में वह 70 सदस्यीय सदन में 22 सीट पर सिमट गयी।
भाजपा ने 48 सीट जीतकर यहां केजरीवाल की पार्टी का वर्चस्व खत्म कर दिया। मनीष सिसोदिया, सौरभ भारद्वाज, सत्येंद्र जैन और सोमनाथ भारती समेत आप के कई बड़े नेता हार गए।
हार के बाद आप की दिल्ली इकाई संगठनात्मक बैठकें कर रही है। इसके संयोजक गोपाल राय ने कहा कि चुनाव में अच्छा प्रदर्शन करने वाले नेताओं को ही संगठन में जिम्मेदारी दी जाएगी।
केजरीवाल का पंजाब दौरा कांग्रेस के इस दावे को लेकर भी महत्वपूर्ण है कि आप के कई विधायक उसके पाले में जाने के लिए तैयार हैं। आप ने भगवंत मान को राज्य के मुख्यमंत्री के पद से हटाने समेत ऐसी सभी अफवाहों का खंडन किया है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY