देश की खबरें | अरुणाचल प्रदेश के शिक्षक नेताई चंद्र डे राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार के लिए चयनित

ईटानगर, एक सितंबर अरुणाचल प्रदेश के तिरप जिले के नरोत्तम नगर में रामकृष्ण मिशन स्कूल के शिक्षक नेताई चंद्र डे को 2023 के प्रतिष्ठित ‘राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार’ के लिए चुना गया है।

यह सम्मान शिक्षा के क्षेत्र में उनके असाधारण योगदान और छात्रों के जीवन पर उनके महत्वपूर्ण प्रभाव को मान्यता प्रदान करता है। शिक्षा के क्षेत्र में डे की यात्रा तीन दशकों से अधिक लंबी है।

एक अधिकारी ने कहा कि एक नवोन्वेषी और दयालु शिक्षक के रूप में डे ने अनगिनत छात्रों को अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने और अकादमिक रूप से उत्कृष्टता हासिल करने के लिए प्रेरित किया है।

उन्होंने कहा कि डे की शिक्षण पद्धतियां न केवल अकादमिक उत्कृष्टता बल्कि समग्र विकास पर भी जोर देती हैं।

अधिकारी ने कहा कि डे का समर्पण कक्षा से परे तक है क्योंकि उन्होंने विभिन्न शैक्षिक पहल और सामुदायिक संपर्क कार्यक्रमों में सक्रिय भूमिका निभाई है।

उन्होंने कहा कि सीखने के प्रति रूझान को बढ़ावा देने के डे के समर्पण के परिणामस्वरूप लगातार उत्कृष्ट नतीजे मिले हैं, जिसके चलते डे के छात्र लगातार राष्ट्रीय और क्षेत्रीय परीक्षाओं में शीर्ष रैंक हासिल करते रहे हैं, जो उनके प्रभावी मार्गदर्शन का प्रमाण है।

इस वर्ष स्कूल में अंग्रेजी के एक और शिक्षक देबाशीष रॉय को राज्य शिक्षक पुरस्कार के लिए चुना गया है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)