ईटानगर, 17 मई अरुणाचल प्रदेश सरकार ने राज्य के ईस्ट सियांग और पापुम पारे जिलों में पहले चरण में अफ्रीकन स्वाइन फीवर (एएफएस) से संक्रमित 4500 सूअरों को मारने के लिये केंद्र सरकार से 1.6 करोड़ रुपये के वित्तीय पैकेज की मांग की है। एक वरिष्ठ मंत्री ने रविवार को यह जानकारी दी।
पशुधन एवं दुग्ध विकास मंत्री तागे ताकी ने कहा कि राज्य में अप्रैल में एएफएस से कई हजार पालतू और जंगली सूअरों की जान गई है।
ताकी ने पीटीआई को बताया, “मैंने केंद्रीय पशुधन, दुग्ध एवं मत्स्य पालन मंत्री गिरिराज सिंह की 14 मई को सभी राज्यों के मंत्रियों के साथ हुई वीडियो कॉन्फ्रेंस में वित्तीय सहायता की मांग की थी।”
उन्होंने कहा कि बाद के चरणों में और सहायता की मांग की जाएगी।
पशुधन एवं डेयरी विकास विभाग के संयुक्त निदेशक डॉ. तेची ताकू ने राज्य में एएफएस के कारण अबतक मरने वाले सूअरों की संख्या 2,253 बताई है।
उन्होंने कहा कि आने वाले समय में यह संख्या और बढ़ने की आशंका है क्योंकि विभिन्न क्षेत्रों से इन जानवरों के मरने की खबर आ रही है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, लेटेस्टली स्टाफ ने इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया है)













QuickLY