देश की खबरें | अरुणाचल प्रदेश : भारी बारिश के कारण कई स्थानों पर भूस्खलन

ईटानगर, 23 जून अरुणाचल प्रदेश में लगातार हो रही बारिश की वजह से कई इलाकों में भूस्खलन हुआ है और बाढ़ जैसी स्थिति उत्पन्न हो गई है। इससे जनजीवन भी प्रभावित हुआ है। अधिकारियों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।

ईटानगर के उपायुक्त तालो पोटोम ने कहा कि बंदरदेवा और निर्जुली के बीच राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या-415 का एक हिस्सा बृहस्पतिवार शाम को बह गया, जबकि करिस्ंगसा ब्लॉक में एक पुलिया का कुछ हिस्सा भी क्षतिग्रस्त हो गया।

उन्होंने बताया कि सड़क की मरम्मत पूरी होने तक लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) के इंजीनियर ने यातायात का मार्ग हरमुति-गुमतो-दोइमुख मार्ग की ओर परिवर्तित कर दिया है।

पोटोम ने बताया कि पुरोइक कॉलोनी को राष्ट्रीय राजमार्ग से जोड़ने के लिए पापू नाला पर बना एकमात्र झूलता पुल भी क्षतिग्रस्त हो गया है।

पश्चिम कामेंग जिले के अधिकारियों ने बताया कि एलीफेंट से सेसा के बीच बालीपाड़ा-चारद्वार-तवांग मार्ग भी भूस्खलन की वजह से बंद हो गया है। उन्होंने बताया कि कई दिनों से मौसम खराब रहने और दृश्यता कम रहने की वजह से इस सड़क पर वाहन चालाना जोखिम भरा है।

पीडब्ल्यूडी (राजमार्ग) के सहायक इंजीनियर गेमर पाडु ने कहा कि पश्चिम सियांग जिले में भी आलो-पैंगिन मार्ग कई स्थानों पर क्षतिग्रस्त होने की खबर है।

उन्होंने बताया कि विभाग ने सड़क पर से मलबा हटाने के लिए मशीन और श्रमिकों को लगाया है।

अधिकारियों ने बताया कि लोहित, नामसाई और अन्य जिलों से बाढ़ जैसी स्थिति उत्पन्न होने की खबर है और प्रमुख नदियों में जलस्तर बढ़ा है।

गौरतलब है कि अरुणाचल प्रदेश में पिछले कुछ दिनों से भारी बारिश हो रही है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)