ईटानगर, 17 नवंबर अरुणाचल प्रदेश के लोंगडिंग जिले में बृहस्पतिवार रात हथियारबंद उग्रवादियों ने बंदूक के जोर पर एक निर्माण कंपनी के एक कनिष्ठ अभियंता और एक पर्यवेक्षक का अपहरण कर लिया। पुलिस ने यह जानकारी दी।
लोंगडिंग पुलिस अधीक्षक (एसपी) तुम्मे अमो ने बताया कि चार हथियारबंद उग्रवादियों का एक समूह तीसा नदी के नजदीक एक निर्माणाधीन पुल के पास एक अस्थायी शिविर में पहुंचा और कनिष्ठ अभियंता साशन यादव और कंपनी पर्यवेक्षक लियामगाओ पांसा का अपहरण कर लिया।
एसपी ने बताया कि उग्रवादियों ने श्रमिकों से 20 से अधिक मोबाइल फोन भी छीन लिये।
उन्होंने बताया कि इस अपराध के पीछे प्रतिबंधित संगठन नेशनलिस्ट सोशलिस्ट काउंसिल ऑफ नागालैंड (एनएससीएन के-वाईए) गुट के स्वघोषित सार्जेंट बोताई वांगसु का हाथ होने का संदेह है।
कहा जा रहा है कि कंपनी ने प्रतिबंधित संगठन द्वारा मांगी गई रकम देने से इनकार कर दिया था इसीलिए उसने कथित तौर पर अपहरण को अंजाम दिया गया।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि जिले की पुलिस और असम राइफल्स ने पीड़ितों को बचाने के लिए तलाशी अभियान शुरू कर दिया है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY