ईटानगर, तीन मई अरुणाचल प्रदेश में कोविड-19 महामारी से मुकाबला कर रहे स्वास्थ्य कर्मियों को धन्यवाद देने के लिए भारतीय वायुसेना के दो उन्नत हल्के हेलीकॉप्टरों ने रविवार को राज्य की राजधानी में स्थित एक अस्पताल के ऊपर पुष्प वर्षा की जिसे कोविड-19 मरीजों के लिए निर्दिष्ट किया गया है।
टोमो रिबा स्वास्थ्य और चिकित्सा विज्ञान संस्थान के ऊपर हेलीकॉप्टरों द्वारा लगभग 30 किलोग्राम फूलों की बारिश की गई। इस दृश्य को हजारों लोगों ने अपने घरों की छत से देखा।
हेलीकॉप्टरों ने अपराह्न 12 बजकर तीन मिनट से 12 बजकर 15 मिनट के बीच पुष्पवर्षा की।
रक्षा प्रवक्ता लेफ्टिनेंट कर्नल हर्ष वर्धन पांडेय ने बताया कि वायु सेना के हेलीकॉप्टरों ने पूर्वी वायु कमान के अधीन तेजपुर एयर बेस से उड़ान भरी और फ्लाई पास्ट के बाद बेस पर लौट आए।
उन्होंने कहा, “यह डॉक्टरों, नर्सों और सहायक चिकित्सा कर्मियों समेत कोरोना योद्धाओं के प्रति आभार व्यक्त करने के लिए किया गया था। इससे यह संदेश देने का प्रयास किया गया कि कोविड-19 के विरुद्ध लड़ाई में पूरा देश एकजुट है।”
पुष्प वर्षा की प्रशंसा करते हुए राज्यपाल ब्रिगेडियर (सेवानिवृत्त) डॉ बी डी मिश्रा ने उम्मीद जताई कि यह संदेश महामारी से अग्रिम मोर्चे पर लड़ रहे सभी कर्मियों तक पहुंचेगा।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, लेटेस्टली स्टाफ ने इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया है)













QuickLY