देश की खबरें | अरुणाचल: बच्चियों के यौन शोषण के आरोपी प्रवासी युवक की पीट-पीटकर हत्या, रोइंग में कर्फ्यू
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. अरुणाचल प्रदेश की लोअर दिबांग घाटी के रोइंग कस्बे में पड़ोसी राज्य असम से आए एक प्रवासी युवक की भीड़ ने कथित तौर पर कई बच्चियों का यौन शोषण करने के आरोप में पीट-पीटकर हत्या कर दी। घटना के बाद शहर में कर्फ्यू लगा दिया गया।
ईटानगर, 12 जुलाई अरुणाचल प्रदेश की लोअर दिबांग घाटी के रोइंग कस्बे में पड़ोसी राज्य असम से आए एक प्रवासी युवक की भीड़ ने कथित तौर पर कई बच्चियों का यौन शोषण करने के आरोप में पीट-पीटकर हत्या कर दी। घटना के बाद शहर में कर्फ्यू लगा दिया गया।
आरोपी युवक की पहचान बोंगईगांव के रियाज उल कुरीम (19) के रूप में हुई है। उसे स्कूल में कथित तौर पर कई छात्राओं का यौन उत्पीड़न करने के आरोप में शुक्रवार को हिरासत में लिया गया।
लड़कियों के माता-पिता ने स्कूल के अधिकारियों से इसकी शिकायत की थी। अभिभावकों ने युवक को पकड़ा और उसकी पिटाई की। बाद में पुलिस ने उसे लोगों की गिरफ्त से बचाकर हिरासत में लिया।
हालांकि, बाद में भीड़ ने पुलिस थाने में घुसकर युवक को बाहर निकाला और उसकी जमकर पिटाई की। जब युवक को भीड़ से बचाकर अस्पताल ले जाया गया तो लोगों ने पीछा करके उसे फिर से पीटा और अंतत: उसकी मौत हो गई।
पुलिस ने बताया कि युवक स्कूल के पास एक निर्माण स्थल पर काम करता था।
इस मामले में अब तक छह से नौ साल की उम्र की आठ नाबालिग बच्चियों की चिकित्सा जांच की गई है।
लोअर दिबांग घाटी के पुलिस अधीक्षक रिंगू नगूपोक ने कहा कि युवक ने एक सप्ताह की अवधि में स्कूल के छात्रावास में रहने वाली बच्चियों का कथित यौन उत्पीड़न किया।
जांच से जुड़े एक अन्य अधिकारी ने बताया कि छात्रावास में सुरक्षा ढांचा मजबूत नहीं था और दरवाजों पर ताले नहीं थे जिससे बच्चे असुरक्षित थे।
पुलिस ने बाल यौन शोषण के अनेक मामलों के साथ ही भीड़ द्वारा पीट-पीटकर हत्या का मामला भी दर्ज किया है। लापरवाही और बच्चों की हिफाजत नहीं कर पाने के मामले में स्कूल और छात्रावास प्रबंधन के खिलाफ जांच जारी है।
एक अधिकारी ने बताया कि रोइंग कस्बे में कर्फ्यू लगा दिया गया है और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त सुरक्षा बल को तैनात किया गया है।
पुलिस अधीक्षक के अनुसार कस्बे में हालात तनावपूर्ण लेकिन नियंत्रण में हैं।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Jul 12, 2025 09:04 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

