देश की खबरें | अरुण लाल ने कहा, आकाश दीप बेहद खास थे
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. पूर्व भारतीय क्रिकेटर अरुण लाल बर्मिंघम में इंग्लैंड के खिलाफ दूसरे टेस्ट में तेज गेंदबाज आकाश दीप के प्रदर्शन से बेहद प्रभावित हैं और उन्होंने कहा कि वह ‘बेहद खास’ थे।
नयी दिल्ली, नौ जुलाई पूर्व भारतीय क्रिकेटर अरुण लाल बर्मिंघम में इंग्लैंड के खिलाफ दूसरे टेस्ट में तेज गेंदबाज आकाश दीप के प्रदर्शन से बेहद प्रभावित हैं और उन्होंने कहा कि वह ‘बेहद खास’ थे।
आकाश दीप ने एजबेस्टन में इंग्लैंड पर भारत की 336 रन की जीत के दौरान 10 विकेट चटकाए जिससे भारत ने पांच मैच की श्रृंखला 1-1 से बराबर की।
उन्होंने पहली पारी में 88 रन देकर चार विकेट लिए और फिर दूसरी पारी में 99 रन देकर छह विकेट चटकाते हुए मैच में 187 रन देकर 10 विकेट लिए।
अरुण लाल ने ‘पीटीआई टीवी’ से कहा, ‘‘वह बेहद खास थे। उसकी क्षमताओं पर कभी कोई सवाल ही नहीं था। वह मेहनती था। बस एक कमी थी, आत्मविश्वास की। अब वह अधिक आत्मविश्वासी है, अधिक समझदारी और धैर्य के साथ गेंदबाज़ी करता है। वह हर गेंद पर विकेट की तलाश में नहीं रहता।’’
उन्होंने कहा, ‘‘और जितना अधिक आत्मविश्वास उसे मिलेगा, वह उतना ही तेज और बेहतर होता जाएगा। वह 145 किमी प्रति घंटे की गति से गेंद फेंक सकता है और उसमें साझेदारी तोड़ने की अद्भुत क्षमता है।’’
अरुण लाल ने कहा कि साधारण पृष्ठभूमि से आने के कारण आकाश दीप को शुरू में राष्ट्रीय टीम में शामिल होने की उम्मीद नहीं थी।
उन्होंने कहा, ‘‘उसे पता नहीं था कि वह कितना अच्छा है और उसे नहीं लगता था कि वह भारत के लिए खेल सकता है’’
आकाशदीप ने सुर्खियां बटोरीं तो वहीं युवा भारतीय कप्तान शुभमन गिल ने बर्मिंघम में 269 और 161 रन बनाकर अपना कौशल दिखाया और मैच में कुल 430 रन बनाए जो टेस्ट इतिहास में अब तक का दूसरा सबसे बड़ा स्कोर है।
लाल ने कहा, ‘‘मुझे एक क्रिकेटर के तौर पर शुभमन बहुत पसंद हैं, वह कमाल के हैं लेकिन मुझे कभी अंदाजा नहीं था कि वह इतने अच्छे हैं। मुझे यकीन है कि किसी और को भी नहीं हुआ होगा। उनमें अविश्वसनीय प्रतिभा है, अविश्वसनीय धैर्य है। ऐसा लगता है मानो उन्हें गेंद फेंके जाने से पहले ही पता चल जाता है कि कौन सी गेंद आ रही है।’’
अरुण लाल को उम्मीद है कि बृहस्पतिवार से लॉर्ड्स में शुरू होने वाले तीसरे टेस्ट के लिए कुलदीप यादव को एकादश इलेवन में शामिल किया जाएगा।
उन्होंने कहा, ‘‘मेरे लिए यह एक बड़ा सवाल है। आप नौवें नंबर तक बल्लेबाजों को खिला रहे हैं और मैं इसके पक्ष में नहीं हूं। आपको प्रभावशाली गेंदबाजों की जरूरत है। कुलदीप फॉर्म में हैं और इंग्लैंड का निचला क्रम कलाई के स्पिनर के खिलाफ संघर्ष कर सकता है।’’
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Jul 09, 2025 06:14 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

