देश की खबरें | कला से सही, सकारात्मक दिशा में चलने की प्रेरणा मिलती है : योगी आदित्यनाथ

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को कहा कि कला हमें हमेशा सकारात्मक भाव देती है, इससे सही और सकारात्मक दिशा में चलने की नयी प्रेरणा मिलती है।

गोरखपुर (उप्र), तीन जुलाई उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को कहा कि कला हमें हमेशा सकारात्मक भाव देती है, इससे सही और सकारात्मक दिशा में चलने की नयी प्रेरणा मिलती है।

योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को सांस्कृतिक संस्था ‘ओमकारम’ की ओर से राप्ती नदी के गुरु गोरक्षनाथ घाट पर दो दिवसीय गुरु गोरक्षनाथ महोत्सव की शुरुआत करने के बाद अपने संबोधन में कहा, ‘‘कला हमें हमेशा सकारात्मक भाव देती है, इससे सही और सकारात्मक दिशा में चलने की नयी प्रेरणा प्राप्त होती है।’’

उन्होंने कहा, ‘‘नकारात्मकता में जीवन नहीं है। यह हमारी ऊर्जा का ह्रास करती है। हमें खलनायक के रूप में प्रस्तुत करती है।’’

योगी ने कहा, ‘‘सभ्य समाज नकारात्मक दृष्टि को स्वीकार नहीं करता है। सभ्य समाज सकारात्मकता को महत्व देते हुए इसके लिए प्रेरित एवं प्रोत्साहित करती है। कला उसका सशक्त मंच है, जो लोक कल्याण, समाज कल्याण, राष्ट्र कल्याण के लिए हो और जिसमें लोकमंगल की भावना निहित हो, वही कला है। कला का मंच गायन, वादन, नृत्य समेत अलग-अलग विधाओं से जुड़ने का सशक्त माध्यम हो सकता है।’’

योगी ने कहा, ‘‘देवाधिदेव महादेव भूतभावन भगवान शिव की साधना स्थली ‘मुक्तेश्वरनाथ धाम’ यहां कुछ किलोमीटर की दूरी पर ही है। गुरु पूर्णिमा के अवसर पर उन्हीं के सानिध्य में राप्ती नदी के तट पर ओमकारम संस्था की ओर से यह कार्यक्रम आयोजित किया गया है।’’

उन्होंने कहा कि पिछले छह दशक से भारत की कला को भजनों के माध्यम से वैश्विक मंच पर स्थान दिलाने वाले अनूप जलोटा के सानिध्य में यहां के नवोदित कलाकारों को मंच मिला है। ओमकारम संस्था अलग-अलग शहरों में नदी के प्रमुख घाटों पर जाकर नवोदित कलाकारों को प्रोत्साहित कर स्वस्थ प्रतिस्पर्धा से जुड़ने के लिए प्रेरित करेगी।

मुख्यमंत्री ने नवोदित कलाकारों से कहा, ‘‘आपकी कड़ी मेहनत एवं परिश्रम, आपके द्वारा किए जाने वाले सकारात्मक प्रयास, आपकी सफलता का मार्ग प्रशस्त करेंगे। जीवन में ‘शॉर्टकट’ का रास्ता कभी भी सफलता का रास्ता नहीं हो सकता। हमें मेहनत और परिश्रम के साथ आगे बढ़ने के लिए तैयार रहना होगा।’’

ओमकारम के संरक्षक व भजन गायक अनूप जलोटा ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को पुष्पगुच्छ प्रदान कर स्वागत किया। सांसद रवि किशन ने भी भजन प्रस्तुत किया।

योगी आदित्यनाथ ने राप्ती नदी के तट पर महाआरती में भी हिस्सा लिया। इस अवसर पर गजल गायक चंदन दास, सांसद रवि किशन, गोरखपुर ग्रामीण के विधायक विपिन सिंह, पिपराइच के विधायक महेंद्र पाल सिंह, ओमकारम के अध्यक्ष नवारून चटर्जी आदि उपस्थित रहे।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\