एजेंसी न्यूज

देश की खबरें | भाई की हत्या करने का आरोपी झारखंड से गिरफ्तार

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. महाराष्ट्र में ठाणे जिले के डोंबीवली में संपत्ति विवाद के चलते अपने रिश्ते के भाई की हत्या करने के आरोप में पुलिस ने झारखंड से एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है।

देश की खबरें | भाई की हत्या करने का आरोपी झारखंड से गिरफ्तार

ठाणे, 20 नवंबर महाराष्ट्र में ठाणे जिले के डोंबीवली में संपत्ति विवाद के चलते अपने रिश्ते के भाई की हत्या करने के आरोप में पुलिस ने झारखंड से एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है।

एक अधिकारी ने शनिवार को यह जानकारी दी।

आरोपी कल्लूकुमार सीताराम महतो को अपने रिश्ते के भाई पूरन सिकंदर महतो(47) की हत्या के आरोप में झारखंड के गढ़वा से बुधवार को गिरफ्तार किया गया।

डोंबीवली के सहायक पुलिस आयुक्त जे डी मोरे ने शुक्रवार को संवाददाताओं को बताया कि पूरन महतो को चार नवंबर को गंभीर हालत में डोंबीवली के निकट गोलीवली में एक सड़क पर पाया गया। उसके शरीर पर कई गहरे घाव थे।

उन्होंने बताया, ‘‘सूचना मिलने पर मानपाड़ा पुलिस थाने से कर्मी उसे तत्काल अस्पताल ले कर गए, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। उसकी शिनाख्त पूरन महतो के तौर पर की गई है। अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 302 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।’’

उन्होंने बताया कि जांच में पता चला कि पूरन और उसके रिश्ते के भाइयों के बीच संपत्ति विवाद था। ये भाई गोलीवली गांव में रहते थे।

मोरे ने बताया,‘‘ जांच में पता चला कि पूरन एक दिन पहले अपने भाइयों के आमंत्रण पर रात में उनके घर खाने पर गया था। भाइयों ने बाद में पूरन के सिर पर भारी पत्थर से वार किया और उसे घायल अवस्था में छोड़ कर गांव रवाना हो गए। इसके बाद उनकी तलाश शुरू की गई। हमें पता चला कि आरोपी झारखंड में अपने गांव में छिपे हैं। इसके बाद आरोपियों को पकड़ने के लिए एक दल झारखंड रवाना किया गया।’’

उन्होंने बताया कि पुलिस दल ने कल्लूकुमार महतो को पकड़ लिया, लेकिन उन्हें स्थानीय लोगों के कड़े विरोध का सामना करना पड़ा। ग्रामीणों ने पुलिस दल पर पथराव किया। इस पुलिस दल में मानपाड़ा और झारखंड दोनों ही स्थानों के पुलिसकर्मी शामिल थे।

स्थानीय पुलिस थाने में इस संबंध में मामला दर्ज किया गया है।

उन्होंने बताया कि पुलिस अन्य आरोपी लल्लूकुमार महतो की तलाश कर रही है।

गिरफ्तार आरोपी को शुक्रवार को यहां एक अदालत में पेश किया गया, जिसने उसे 22 नवंबर तक पुलिस हिरासत में भेज दिया गया।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

(The above story first appeared on LatestLY on Nov 20, 2021 11:12 AM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).