देश की खबरें | महाराष्ट्र के ठाणे में सहकर्मी की हत्या का आरोपी जम्मू-कश्मीर से गिरफ्तार
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. महाराष्ट्र के ठाणे जिले में एक फैक्टरी में अपने सहकर्मी की हत्या करने के आरोपी को पुलिस ने जम्मू-कश्मीर के अनंतनाग से गिरफ्तार किया है। एक अधिकारी ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
ठाणे, 25 फरवरी महाराष्ट्र के ठाणे जिले में एक फैक्टरी में अपने सहकर्मी की हत्या करने के आरोपी को पुलिस ने जम्मू-कश्मीर के अनंतनाग से गिरफ्तार किया है। एक अधिकारी ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
आरोपी सबीर रहमतुल्ला अंसारी (21) बिहार के पूर्वी चंपारण का निवासी है और पीड़ित नीरज कुमार गोपीनाथ विश्वकर्मा (40) उत्तर प्रदेश के उन्नाव से था।
निजामपुरा पुलिस थाने के वरिष्ठ निरीक्षक विश्वास डागले ने मंगलवार को बताया कि भिवंडी शहर के खोनी ग्राम पंचायत क्षेत्र स्थित फैक्टरी में दोनों साथ काम करते थे।
आरोपी ने चार फरवरी को पीड़ित का वेतन लूट लिया और उसके सिर पर हथौड़े से हमला कर दिया। इसके बाद आरोपी गांव से फरार हो गया।
गंभीर रूप से घायल नीरज कुमार को मुंबई के केईएम अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां 18 फरवरी को उसकी मौत हो गई।
एक गवाह की शिकायत के आधार पर पुलिस ने जांच शुरू की और आरोपी की तलाश में जुट गई।
प्रारंभिक जांच में पता चला कि आरोपी दिल्ली भाग गया जिसके बाद एक विशेष पुलिस टीम उसे पकड़ने के लिए रवाना हुई, लेकिन जब तक टीम दिल्ली पहुंची, आरोपी वहां से फरार हो चुका था।
पुलिस ने रेलवे स्टेशनों के सीसीटीवी कैमरा फुटेज देखे और आरोपी का मोबाइल फोन ट्रैक किया।
अधिकारी ने बताया कि नयी दिल्ली रेलवे पुलिस के साथ समन्वय में मामले की जांच करते समय, जांच टीम को पता चला कि आरोपी जम्मू-कश्मीर जाने वाली ट्रेन में चढ़ा था।
उन्होंने बताया कि तकनीकी विश्लेषण से मिले सुरागों के आधार पर पुलिस ने जम्मू-कश्मीर पुलिस की मदद से उसे अनंतनाग के लाल चौक स्थित एक बेकरी से गिरफ्तार किया।
उन्होंने बताया कि आरोपी के पास से लूटा हुआ मोबाइल फोन और 29,000 रुपये नकद बरामद किए गए।
पुलिस ने बताया कि आरोपी को भिवंडी लाकर आगे की जांच शुरू कर दी गई है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Feb 25, 2025 01:02 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

