देश की खबरें | अशोका यूनिवर्सिटी के प्रोफेसर की गिरफ्तारी: हरियाणा के पुलिस महानिदेशक ने एसआईटी गठित की

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. हरियाणा के पुलिस महानिदेशक शत्रुजीत कपूर ने अशोका यूनिवर्सिटी के एसोसिएट प्रोफेसर अली खान महमूदाबाद के खिलाफ दर्ज दो मामलों की जांच के लिए उच्चतम न्यायालय के निर्देश पर बृहस्पतिवार को एक विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया।

चंडीगढ़, 22 मई हरियाणा के पुलिस महानिदेशक शत्रुजीत कपूर ने अशोका यूनिवर्सिटी के एसोसिएट प्रोफेसर अली खान महमूदाबाद के खिलाफ दर्ज दो मामलों की जांच के लिए उच्चतम न्यायालय के निर्देश पर बृहस्पतिवार को एक विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया।

अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (अपराध) व सोनीपत की पुलिस आयुक्त ममता सिंह को एसआईटी की प्रमुख बनाया गया है। पुलिस अधीक्षक (करनाल) गंगा राम पुनिया और पुलिस अधीक्षक (एसटीएफ, गुरुग्राम) विक्रांत भूषण एसआईटी के सदस्य होंगे।

हरियाणा पुलिस ने ‘ऑपरेशन सिंदूर’ को लेकर सोशल मीडिया पोस्ट के लिए 18 मई को अशोका यूनिवर्सिटी के राजनीति विज्ञान विभाग के प्रमुख महमूदाबाद को गिरफ्तार किया था।

उच्चतम न्यायालय ने बुधवार को महमूदाबाद को अंतरिम जमानत दे दी थी, लेकिन जांच पर रोक लगाने से इनकार कर दिया था।

सोनीपत में महमूदाबाद के वकीलों में से एक कपिल बाल्यान ने कहा, “सोनीपत जेल अधिकारियों को रिहाई वारंट मिलने के बाद उन्हें बृहस्पतिवार को अंतरिम जमानत पर रिहा कर दिया गया।”

कपूर ने एसआईटी गठित करने के अपने आदेश में कहा, "उच्चतम न्यायालय के 21 मई के आदेश के तहत आईपीएस अधिकारी, अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (अपराध) और सोनीपत की पुलिस आयुक्त ममता सिंह की अध्यक्षता में विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया गया है। एसआईटी 17 और 18 मई को राई थाने में दर्ज मामलों की जांच करेगी।”

आदेश के अनुसार, एसआईटी को उपरोक्त मामलों की तेजी से जांच करके बीएनएसएस (भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता), 2023 की धारा 193 के तहत जल्द से जल्द एक रिपोर्ट प्रस्तुत करनी होगी।

बुधवार को न्यायमूर्ति सूर्यकांत और न्यायमूर्ति एन कोटिश्वर सिंह की पीठ ने हरियाणा के पुलिस महानिदेशक से कहा था कि वह मामले की जांच के लिए 24 घंटे में एक महानिरीक्षक स्तर के अधिकारी की अध्यक्षता में तीन सदस्यीय एसआईटी का गठन करें, जिसमें पुलिस अधीक्षक स्तर की एक महिला अधिकारी भी शामिल हों।

महमूदाबाद को उनके खिलाफ दो प्राथमिकी दर्ज होने के बाद गिरफ्तार किया गया था, जिनमें आरोप लगाया गया था कि ऑपरेशन सिंदूर को लेकर सोशल मीडिया पर उनके पोस्ट ने देश की संप्रभुता व अखंडता को खतरे में डाला है।

एक प्राथमिकी हरियाणा राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष रेणु भाटिया की शिकायत पर और दूसरी एक गांव के सरपंच की शिकायत पर दर्ज की गई थी।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\