पुडुचेरी, 17 मई पुडुचेरी से पहली श्रमिक विशेष रेलगाड़ी कोरोना वायरस के चलते यहां फंसे 1,100 से अधिक प्रवासी मजदूरों को लेकर शनिवार देर रात भोपाल के लिए रवाना हुई।
मुख्यमंत्री वी नारायणसामी, कल्याण मंत्री एम कंडासामी, जिलाधिकारी टी अरुण और विपक्षी अन्नाद्रमुक के विधायक ए.अनबलगन ने देर रात करीब एक बजे यहां रेलवे स्टेशन से ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
केंद्रशासित प्रदेश प्रशासन द्वारा लागू समन्वित योजना के तहत अपने गृह राज्यों को लौटने के इच्छुक पुडुचेरी के 813 श्रमिकों और कराइकल के 355 मजदूरों को उनके घर भेजा गया।
आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग के कर्मियों ने 1,168 श्रमिकों में से हर एक को भोजन, मास्क और पानी की बोतलों के पैकेट दिए।
उन्होंने बताया कि इससे पहले, मजदूरों की यहां इंदिरा गांधी खेल परिसर में जांच की गई और उन्हें विशेष बसों में बिठाकर रेलवे स्टेशन ले जाया गया।
नारायणसामी ने कहा कि उनकी सरकार ने प्रवासी कामगारों के लिए विशेष रेलगाड़ियां चलाने का खर्च उठाने के लिए मुख्यमंत्री राहत कोष से 14 लाख रुपये की राशि निर्धारित की है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि विशेष रेलगाड़ी चलाने के लिए उन्होंने रेल मंत्री पीयूष गोयल से बातचीत की।
उन्होंने संवाददताओं से कहा, “मैं केंद्र शासित प्रदेश से श्रमिकों की सुविधाजनक वापसी के लिए केंद्रीय मंत्री और रेल विभाग का शुक्रिया करता हूं।”
आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि करीब 5,000 प्रवासी श्रमिक यहां काम करते हैं और बचे हुए लोगों को वापस भेजने के लिए पंजीकरण प्रक्रिया जारी है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, लेटेस्टली स्टाफ ने इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया है)













QuickLY