देश की खबरें | पुंछ में सेना का बड़ा आतंकवाद रोधी अभियान शुरू, लोगों को घरों कें अंदर रहने की सलाह दी

पुंछ/जम्मू, 21 मई जम्मू-कश्मीर में सीमावर्ती पुंछ जिले के एक अग्रिम इलाके में एक संतरी ने शनिवार देर रात संदिग्ध गतिविधि देखी और गोली चलाई, जिसके बाद सेना ने रविवार को इलाके में व्यापक तलाश अभियान शुरू किया। अधिकारियों ने यह जानकारी देते हुए कहा कि लोगों को अपने-अपने घरों के अंदर रहने के लिए कहा गया है।

अधिकारियों ने बताया कि मेंढर सेक्टर के केरी शिविर में देर रात करीब तीन बजे संतरी की ड्यूटी पर तैनात जवान ने संदिग्ध गतिविधि देखने के बाद गोलीबारी की, जिसमें कोई घायल नहीं हुआ।

उन्होंने बताया कि संदिग्ध व्यक्ति ने कोई जवाबी कदम नहीं उठाया, लेकिन सेना ने यह सुनिश्चित करने के लिए इलाके और निकटवर्ती जंगल में एक बड़ा तलाशी अभियान शुरू किया है कि वहां कोई आतंकवादी तो मौजूद नहीं है।

अधिकारियों के मुताबिक तलाश अभियान के लिए घिरे विशाल वन क्षेत्र की ओर जाने वाली सभी सड़कों को बंद कर दिया गया है और लोगों को एहतियात के तौर पर घरों के भीतर ही रहने के लिए कहा गया है।

हालांकि, जंगल में तलाशी अभियान अभी भी जारी है, लेकिन अभी तक संदिग्ध आतंकवादियों से कोई संपर्क नहीं हो पाया है।

पुंछ के पास भाटा धूरियन इलाके में 20 अप्रैल को सेना के एक वाहन पर आतंकवादियों द्वारा घातक हमला किया गया था जिसमें पांच सैनिक शहीद हो गए थे और एक अधिकारी घायल हो गया था।

आतंकवादियों को शरण देने के लिए आतंकवादी संगठन के कम से कम छह सक्रिय सदस्यों को गिरफ्तार किया गया।

हालांकि, आतंकवादी अब भी फरार हैं और उन्हें पकड़ने के प्रयास जारी हैं। अधिकारियों के अनुसार, सेना दैनिक स्तर पर तलाशी अभियान चला रही है और क्षेत्र में गश्त कर रही है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)