एजेंसी न्यूज

देश की खबरें | जम्मू कश्मीर को आतंकवाद मुक्त रखने के लिए प्रतिबद्ध है सेना : उत्तरी सेना कमांडर

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. सेना की उत्तरी कमान के कमांडर लेफ्टिनेंट जनरल एम. वी. सुचिंद्र कुमार ने किश्तवाड़ में एक आतंकवादी को मार गिराने में सैनिकों की त्वरित कार्रवाई की शुक्रवार को सराहना की और क्षेत्र को आतंकवाद मुक्त रखने की सेना की प्रतिबद्धता दोहराई।

देश की खबरें | जम्मू कश्मीर को आतंकवाद मुक्त रखने के लिए प्रतिबद्ध है सेना : उत्तरी सेना कमांडर

जम्मू, 11 अप्रैल सेना की उत्तरी कमान के कमांडर लेफ्टिनेंट जनरल एम. वी. सुचिंद्र कुमार ने किश्तवाड़ में एक आतंकवादी को मार गिराने में सैनिकों की त्वरित कार्रवाई की शुक्रवार को सराहना की और क्षेत्र को आतंकवाद मुक्त रखने की सेना की प्रतिबद्धता दोहराई।

सेना के अधिकारियों ने बताया कि जम्मू कश्मीर के किश्तवाड़ जिले में शुक्रवार को सुरक्षा बलों से हुई मुठभेड़ में एक आतंकवादी मारा गया।

उत्तरी कमान ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘सेना की उत्तरी कमान के कमांडर, लेफ्टिनेंट जनरल एम वी सुचिंद्र कुमार ने किश्तवाड़ में जारी एक अभियान के दौरान एक आतंकवादी को मार गिराने की त्वरित कार्रवाई के लिए व्हाइट नाइट कोर की सराहना की।’’

लेफ्टिनेंट जनरल कुमार ने कहा, ‘‘भारतीय सेना जम्मू कश्मीर को आतंकवाद मुक्त रखने के लिए प्रतिबद्ध है।’’

व्हाइट नाइट कोर के अनुसार, मुठभेड़ सेना और पुलिस द्वारा किश्तवाड़ जिले के चत्रु वन क्षेत्र में शुरू किये गए एक संयुक्त तलाश अभियान के दौरान हुई।

व्हाइट नाइट कोर ने ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, ‘‘मुठभेड़ में अब तक एक आतंकवादी मारा गया है।’’

अधिकारियों ने बताया कि उधमपुर जिले के जोफेर-मार्टा वन क्षेत्र में तलाश अभियान जारी है।

खोजी कुत्तों और ड्रोन की मदद से कई सुरक्षा दल पूरे वन क्षेत्र में तलाश अभियान चला रहे हैं, ताकि वहां छिपे तीन आतंकवादियों का पता लगाया जा सके।

पुलिस और सुरक्षा बल पिछले 19 दिन से इन पर्वतीय इलाकों में आतंकवादियों की गतिविधियों पर नजर रखे हुए हैं। इन दिनों के दौरान पांच मुठभेड़ हुई हैं, जिनमें से तीन कठुआ में, एक उधमपुर में और एक किश्तवाड़ जिले में हुई।

सत्ताइस मार्च को हुई मुठभेड़ में दो आतंकवादी मारे गए थे जबकि चार पुलिसकर्मियों की जान चली गई थी। इस मुठभेड़ में एक पुलिस उपाधीक्षक समेत तीन पुलिसकर्मी घायल हुए थे।

अधिकारियों ने बताया कि जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग पर सुरक्षा कड़ी कर दी गई है तथा वाहनों की गहन जांच की जा रही है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

(The above story first appeared on LatestLY on Apr 11, 2025 08:02 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).