देश की खबरें | क्या आप परिसीमन को लेकर वास्तव में चिंतित हैं : आरएसएस ने इस मामले पर चर्चा कर रहे दलों से पूछा

बेंगलुरु, 22 मार्च राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के संयुक्त महासचिव अरुण कुमार ने परिसीमन प्रक्रिया पर चर्चा कर रहे लोगों से शनिवार को पूछा कि क्या उनका कोई राजनीतिक एजेंडा है या फिर वे वास्तव में इसे लेकर चिंतित हैं।

द्रमुक अध्यक्ष और तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एम के स्टालिन के निमंत्रण पर कुछ दक्षिणी राज्यों के नेता परिसीमन के नतीजों और इससे निपटने की रणनीतियों पर चर्चा करने के लिए चेन्नई में एकत्र हुए हैं।

कुमार ने इन नेताओं से ऐसी चर्चाओं से बचने को कहा क्योंकि केंद्र ने अभी तक प्रक्रिया शुरू नहीं की है।

कुमार ने प्रेसवार्ता के दौरान कहा, ‘‘मेरी राय में, जो लोग परिसीमन पर चर्चा में भाग ले रहे हैं, उन्हें आत्मनिरीक्षण करना चाहिए कि क्या यह उनका राजनीतिक एजेंडा है या वे वास्तव में अपने क्षेत्र के हित के बारे में सोच रहे हैं।’’

आरएसएस नेता ने कहा, ‘‘उन्हें (स्टालिन और अन्य को) इस बारे में चर्चा करने दीजिए और आपको (मीडिया को) उनसे पूछना चाहिए कि क्या परिसीमन प्रक्रिया वास्तव में शुरू हो गई है?’’

कुमार आरएसएस के शीर्ष निर्णायक निकाय अखिल भारतीय प्रतिनिधि सभा (एबीपीएस) की तीन दिवसीय बैठक में भाग लेने के लिए यहां पहुंचे हैं।

आरएसएस नेता ने कहा कि परिसीमन प्रक्रिया शुरू होने और अधिनियम का मसौदा तैयार होने पर चर्चा होनी चाहिए।

उन्होंने कहा, ‘‘न तो जनगणना शुरू हुई है और न ही परिसीमन पर चर्चा (केंद्र द्वारा) शुरू की गई है। यहां तक ​​कि अधिनियम का मसौदा भी अभी तक तैयार नहीं हुआ है।’’

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)