देश की खबरें | गुजरात के वडनगर में तैयार हो रहा अत्याधुनिक तकनीक से लैस पुरातत्व संग्रहालय

नयी दिल्ली, छह जून गुजरात के विरासत शहर वडनगर में अत्याधुनिक तकनीकों और प्रौद्योगिकियों से लैस एक पुरातत्व संग्रहालय बनाया जाएगा। सरकार के शीर्ष सूत्रों ने मंगलवार को यह जानकारी दी।

एक पुरातात्विक स्थल के पास बनाया जा रहा संग्रहालय तीन मंजिला होगा, जिसमें 2,500 वर्षों के इतिहास के दौरान 'सात सांस्कृतिक काल' के जरिए शहर के विकास को प्रदर्शित किया जाएगा।

अहमदाबाद से लगभग 100 किलोमीटर दूर, गुजरात के मेहसाणा जिले में वडनगर लगभग 28,000 की आबादी वाला एक ऐतिहासिक शहर है।

भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (एएसआई) के अधिकारियों ने दिसंबर 2022 में कहा था कि वडनगर शहर और गुजरात के मोढेरा में प्रतिष्ठित सूर्य मंदिर के साथ-साथ त्रिपुरा में उनाकोटि की ‘‘रॉक-कट’’ मूर्तियों को यूनेस्को की विश्व धरोहर स्थलों की अस्थायी सूची में शामिल किया गया है।

वडनगर में पहली पुरातात्विक खुदाई 1953-54 में की गई थी। गुजरात के पुरातत्व निदेशालय ने 2005-06 से 2012-13 के बीच कई स्थानों पर खुदाई की जिससे 2,500 साल की सांस्कृतिक कड़ी को स्थापित करने में मदद मिली।

सरकारी सूत्रों ने कहा कि 2008 में की गई खुदाई में एक प्राचीन बौद्ध मठ और स्तूप होने के प्रमाण मिले जिनकी स्थापना पहली शताब्दी में किए जाने का अनुमान है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)