एजेंसी न्यूज

विदेश की खबरें | देश की सेना को कमजोर करने का कोई भी प्रयास देश को कमजोर करने के समान : पाक सेना प्रमुख मुनीर

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on world at LatestLY हिन्दी. पाकिस्तान के सेना प्रमुख जनरल असीम मुनीर ने कहा है कि देश की शक्तिशाली सेना को कमजोर करने का कोई भी प्रयास देश को कमजोर करने के समान है।

विदेश की खबरें | देश की सेना को कमजोर करने का कोई भी प्रयास देश को कमजोर करने के समान : पाक सेना प्रमुख मुनीर
श्रीलंका के प्रधानमंत्री दिनेश गुणवर्धने

इस्लामाबाद, 14 अगस्त पाकिस्तान के सेना प्रमुख जनरल असीम मुनीर ने कहा है कि देश की शक्तिशाली सेना को कमजोर करने का कोई भी प्रयास देश को कमजोर करने के समान है।

पाकिस्तान के 78वें स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर पाकिस्तान सैन्य अकादमी में आजादी परेड को संबोधित करते हुए उन्होंने देश के संस्थानों और पाकिस्तान के लोगों के बीच खाई पैदा करने के लिए ‘डिजिटल आतंकवाद’ का इस्तेमाल करने वाली विदेशी ताकतों के प्रयासों के बीच राष्ट्रीय एकता बनाए रखने के महत्व को भी रेखांकित किया।

उन्होंने कहा, ‘‘हम मुसीबतों और क्लेशों के बावजूद एक मजबूत राष्ट्र के रूप में उभरे हैं। पाकिस्तान के सशस्त्र बलों को कमजोर करना देश को ही कमजोर करने के समान है।’’

उन्होंने कहा कि पाकिस्तानी सेना में राष्ट्र का अटूट विश्वास सेना की सबसे मूल्यवान संपत्ति है और न ही कोई नकारात्मक शक्ति विश्वास और प्रेम के इस रिश्ते को कमजोर कर पाई है और न ही भविष्य में ऐसा कर सकती है।

उन्होंने कहा, ‘‘ऐतिहासिक रूप से, एक राष्ट्र के तौर पर हम हर कठिनाई के बाद हमेशा मजबूत बनकर उभरे हैं।’’

सेना प्रमुख ने कहा कि देश और सशस्त्र बलों के बीच आपसी विश्वास ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।

‘द एक्सप्रेस ट्रिब्यून’ अखबार की खबर के अनुसार, उन्होंने एकता के महत्व पर भी प्रकाश डाला और चेतावनी दी कि कलह और विभाजन राष्ट्र को भीतर से खोखला कर सकते हैं, जिससे बाहरी आक्रमण का मार्ग प्रशस्त हो सकता है।

जनरल मुनीर ने क्षेत्र में चरमपंथ और आतंकवाद के जारी खतरे को भी स्वीकार किया और राष्ट्र की सुरक्षा के लिए बलिदान जारी रखने के सशस्त्र बलों के संकल्प की पुष्टि की।

‘डॉन’ अखबार की खबर के मुताबिक, उन्होंने ‘डिजिटल आतंकवाद’ की लहर के लिए विदेशी ताकतों को जिम्मेदार ठहराया और कहा कि इसका मकसद सरकारी संस्थानों और पाकिस्तान के लोगों के बीच खाई पैदा करना है।

पिछले सप्ताह यहां इस्लामी धर्मगुरुओं के एक सम्मेलन को संबोधित करते हुए जनरल मुनीर ने नकदी संकट से जूझ रहे देश में अराजकता पैदा करने के प्रयासों के खिलाफ चेताया था और कहा था कि सशस्त्र बल ऐसे किसी भी कदम को विफल करेंगे और राष्ट्रीय अखंडता की रक्षा करेंगे।

इस बीच, जियो न्यूज ने खबर दी है कि मंगलवार रात स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान कराची के विभिन्न इलाकों में हवाई गोलीबारी में कम से कम 70 लोग घायल हो गए।

पिछले साल स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान शहर के विभिन्न इलाकों में हवाई गोलीबारी में दो लोगों की मौत हो गई थी और 80 से अधिक घायल हो गए थे।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

(The above story first appeared on LatestLY on Aug 14, 2024 02:16 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).