देश की खबरें | अनुष्का ने विराट के नाम भावनात्मक नोट लिखा, कहा-आप हमेशा सही के लिए खड़े हुए
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. बॉलीवुड अभिनेत्री अनुष्का शर्मा ने रविवार को अपने क्रिकेटर पति विराट कोहली के लिए एक भावनात्मक नोट लिखा। अनुष्का ने कहा कि भारतीय क्रिकेट टीम के टेस्ट कप्तान के रूप में विराट अपने पीछे जो विरासत छोड़ जा रहे हैं, उन्हें उस पर गर्व है।
मुंबई, 16 जनवरी बॉलीवुड अभिनेत्री अनुष्का शर्मा ने रविवार को अपने क्रिकेटर पति विराट कोहली के लिए एक भावनात्मक नोट लिखा। अनुष्का ने कहा कि भारतीय क्रिकेट टीम के टेस्ट कप्तान के रूप में विराट अपने पीछे जो विरासत छोड़ जा रहे हैं, उन्हें उस पर गर्व है।
कोहली ने साल 2014-15 में ऑस्ट्रेलिया दौरे के मध्य में बतौर टेस्ट कप्तान एम एस धोनी की जगह ली थी। उन्होंने दक्षिण अफ्रीका से टेस्ट शृंखला में मिली हार के एक दिन बाद शनिवार को टेस्ट टीम की कप्तानी छोड़ने की घोषणा की।
कोहली भारत के सबसे सफल टेस्ट कप्तानों में शुमार हैं। उनकी कप्तानी में खेले गए 68 में से 40 मुकाबलों में भारतीय टीम को जीत हासिल हुई। अनुष्का ने इंस्टाग्राम पर अपने 33 वर्षीय क्रिकेटर पति की कई शानदार तस्वीरें साझा कीं। दोनों साल 2017 में शादी के बंधन में बंधे थे।
अनुष्का ने लिखा, ‘मुझे साल 2014 का वो दिन याद है, जब आपने मुझे बताया था कि एम एस (धोनी) के टेस्ट क्रिकेट से संन्यास लेने के फैसले के मद्देनजर आपको कप्तान बनाया गया है। मुझे उस दिन एमएस और आपके साथ हुई वो बातचीत याद है, जिसमें उन्होंने मजाकिया लहजे में कहा था कि जल्द ही आपकी दाढ़ी के बाल पकने लगेंगे। हम सब इस बात पर खूब हंसे थे। उस दिन से लेकर अब तक, मैं आपकी दाढ़ी पकने से भी बढ़कर बहुत कुछ देख चुकी हूं।’
अनुष्का ने कहा, ‘मैंने विकास देखा है। जबरदस्त विकास। आपके इर्द-गिर्द और आपके अंदर। और हां, भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान के रूप में आपका विकास और आपके नेतृत्व में टीम को मिली उपलब्धियां देख मुझे बेहद गर्व है। लेकिन, जो विकास आपके अंदर आया है, उस पर मुझे ज्यादा नाज है।’
अनुष्का ने 2014 के दिनों को याद करते हुए कहा कि उस वक्त दोनों बहुत भोले थे। उन्हें लगता था कि अच्छी नीयत और सकारात्मक सोच व प्रयास जीवन में आगे बढ़ने का मंत्र हैं। हालांकि, अभिनेत्री ने स्पष्ट किया कि ये गुण जरूरी हैं, लेकिन कई चुनौतियां भी साथ लेकर आते हैं।
अनुष्का ने लिखा, ‘आपने जिन चुनौतियों का सामना किया, उनमें से कई मैदान तक सीमित नहीं थीं। लेकिन, इसी का नाम तो जिंदगी है ना? यह उन मोर्चों पर आपका इम्तिहान लेती है, जिनके बारे में आप सोचते तक नहीं हैं। मुझे गर्व है कि आपने किसी भी चुनौती को अपनी अच्छी नीयत के आड़े नहीं आने दिया। आप हमेशा सही के लिए खड़े हुए।’
अभिनेत्री ने कहा, ‘‘आपने अपने शानदार नेतृत्व से एक मिसाल कायम की। आप जीत के लिए जी-जान लगा देते थे। हार के बाद कई बार मैंने आपकी आंखों में आंसू देखे हैं। आपके मन में हमेशा यही सवाल रहता था कि क्या कुछ और किया जा सकता था। आप ऐसे ही हैं और दूसरों से भी ऐसी ही उम्मीद रखते हैं।’’
अनुष्का ने लिखा, ‘‘आप साफदिल और बेबाक हैं। दिखावा आपको अच्छा नहीं लगता। आपकी यही खूबी आपको मेरी और आपके प्रशंसकों की नजरों में महान बनाती है।’’ तैंतीस वर्षीय अभिनेत्री ने कहा कि उनकी बेटी वामिका इस बात की गवाह होगी कि भारतीय टीम की कप्तानी ने कैसे न सिर्फ एक क्रिकेटर, बल्कि एक पिता के रूप में भी विराट के अस्तित्व को मजबूत बनाने में अहम योगदान दिया।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Jan 16, 2022 06:55 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

