देश की खबरें | अनुराग ठाकुर ने आम आदमी पार्टी को ‘महिला विरोधी’ करार दिया

नयी दिल्ली, 24 जनवरी भारतीय जनता पार्टी के सांसद अनुराग ठाकुर ने शुक्रवार को सत्तारूढ़ आम आदमी पार्टी (आप) पर तीखा हमला करते हुए इसे ‘‘महिला विरोधी’’ करार दिया।

नयी दिल्ली विधानसभा सीट से भाजपा उम्मीदवार प्रवेश वर्मा के समर्थन में एक जनसभा को संबोधित करते हुए ठाकुर ने आप सरकार पर महिला कल्याण की उपेक्षा करने का आरोप लगाया।

ठाकुर ने कहा, ‘‘उन्होंने महिलाओं को 1,000 रुपये देने का वादा किया था, लेकिन ऐसा करने में विफल रहे। ‘आप-दा’ सरकार ने स्वाति मालीवाल को मुख्यमंत्री आवास पर बुलाया और उनके साथ मारपीट की। उन्होंने आशा कार्यकर्ताओं की दुर्दशा को अनदेखा किया और उनके वेतन में वृद्धि का वादा पूरा नहीं किया।’’

उन्होंने आप सरकार की आलोचना करते हुए कहा, ‘‘आतिशी दिल्ली की मुख्यमंत्री हैं, लेकिन उनका महिला विरोधी रुख स्पष्ट है क्योंकि पोस्टर और होर्डिंग से उनका चेहरा गायब है।

भाजपा नेता ने कहा, ‘‘दूसरी ओर, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने हरियाणा से ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ जैसी परिवर्तनकारी योजनाएं शुरू की हैं, जिससे महत्वपूर्ण सकारात्मक बदलाव आए हैं।’’

दिल्ली में पांच फरवरी को मतदान होगा और नतीजे आठ फरवरी को घोषित किए जाएंगे।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)