देश की खबरें | अनुराग ठाकुर ने आम आदमी पार्टी को ‘महिला विरोधी’ करार दिया
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. भारतीय जनता पार्टी के सांसद अनुराग ठाकुर ने शुक्रवार को सत्तारूढ़ आम आदमी पार्टी (आप) पर तीखा हमला करते हुए इसे ‘‘महिला विरोधी’’ करार दिया।
नयी दिल्ली, 24 जनवरी भारतीय जनता पार्टी के सांसद अनुराग ठाकुर ने शुक्रवार को सत्तारूढ़ आम आदमी पार्टी (आप) पर तीखा हमला करते हुए इसे ‘‘महिला विरोधी’’ करार दिया।
नयी दिल्ली विधानसभा सीट से भाजपा उम्मीदवार प्रवेश वर्मा के समर्थन में एक जनसभा को संबोधित करते हुए ठाकुर ने आप सरकार पर महिला कल्याण की उपेक्षा करने का आरोप लगाया।
ठाकुर ने कहा, ‘‘उन्होंने महिलाओं को 1,000 रुपये देने का वादा किया था, लेकिन ऐसा करने में विफल रहे। ‘आप-दा’ सरकार ने स्वाति मालीवाल को मुख्यमंत्री आवास पर बुलाया और उनके साथ मारपीट की। उन्होंने आशा कार्यकर्ताओं की दुर्दशा को अनदेखा किया और उनके वेतन में वृद्धि का वादा पूरा नहीं किया।’’
उन्होंने आप सरकार की आलोचना करते हुए कहा, ‘‘आतिशी दिल्ली की मुख्यमंत्री हैं, लेकिन उनका महिला विरोधी रुख स्पष्ट है क्योंकि पोस्टर और होर्डिंग से उनका चेहरा गायब है।’’
भाजपा नेता ने कहा, ‘‘दूसरी ओर, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने हरियाणा से ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ जैसी परिवर्तनकारी योजनाएं शुरू की हैं, जिससे महत्वपूर्ण सकारात्मक बदलाव आए हैं।’’
इससे पहले दिन में एक अन्य जनसभा के दौरान ठाकुर ने आप नेतृत्व की आलोचना की और कहा, ‘‘आम आदमी पार्टी में ईमानदार नेताओं की कमी है।’’
उन्होंने राजस्थान, मध्य प्रदेश, गुजरात, त्रिपुरा, महाराष्ट्र और हरियाणा जैसे राज्यों में समर्पित पार्टी कार्यकर्ताओं को मुख्यमंत्री बनाने के भाजपा के फैसले पर प्रकाश डाला।
भाजपा नेता ने कहा, ‘‘आप यह भी देख सकते हैं कि योगी आदित्यनाथ जैसे ईमानदार और सक्षम नेता किस तरह उत्तर प्रदेश का नेतृत्व कर रहे हैं।’’
ठाकुर ने आप पर दंगाइयों और रोहिंग्या मुसलमानों को शरण देने का भी आरोप लगाया और कहा कि वह उन्हें राशन कार्ड और अन्य लाभ सहित अनधिकृत सहायता प्रदान करती है।
उन्होंने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर कटाक्ष करते हुए उन पर ‘‘डबल डेटिंग’’ करने का आरोप लगाया और सवाल किया कि जब रोहिंग्या मुसलमानों या अनधिकृत बस्तियों की बात आती है तो आप के कथित भ्रष्टाचार और अवैध गतिविधियों के समर्थन जैसे मुद्दों पर कांग्रेस ‘‘चुप’’ क्यों रहती है।
ठाकुर ने कहा कि इससे स्पष्ट रूप से पता चलता है कि केजरीवाल और गांधी ‘‘डबल डेटिंग’’ कर रहे हैं।
दिल्ली में पांच फरवरी को मतदान होगा और नतीजे आठ फरवरी को घोषित किए जाएंगे।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)