एजेंसी न्यूज

देश की खबरें | जम्मू-कश्मीर के कठुआ में आतंकवाद रोधी अभियान फिर से शुरू हुआ

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. जम्मू-कश्मीर के कठुआ जिले के सुदूर जंगली इलाके में शुक्रवार को सुरक्षा बलों ने आतंकवाद रोधी अभियान फिर से शुरू कर दिया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

देश की खबरें | जम्मू-कश्मीर के कठुआ में आतंकवाद रोधी अभियान फिर से शुरू हुआ

जम्मू, 28 मार्च जम्मू-कश्मीर के कठुआ जिले के सुदूर जंगली इलाके में शुक्रवार को सुरक्षा बलों ने आतंकवाद रोधी अभियान फिर से शुरू कर दिया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

यह अभियान बृहस्पतिवार को हुई मुठभेड़ के बाद शुरू हुआ जिसमें सुरक्षा बलों ने तीन आतंकवादियों को ढेर कर दिया था। इस दौरान तीन पुलिसकर्मी शहीद हो गए थे।

बृहस्पतिवार को हुई गोलीबारी में एक अधिकारी सहित सात अन्य घायल हो गए थे।

अधिकारियों ने बताया कि रात में रुकने के बाद सुबह होते ही खोज दल विभिन्न दिशाओं से निकल पड़े।

सुरक्षा बलों का मुख्य उद्देश्य मारे गए आतंकवादियों और पुलिसकर्मियों के शवों को निकालना, एक लापता पुलिसकर्मी को ढूंढना तथा इलाके में किसी भी संभावित खतरे को खत्म करना है।

उन्होंने बताया कि सुरक्षा बल सावधानीपूर्वक लक्षित क्षेत्र की ओर बढ़ रहे हैं लेकिन आतंकवादियों की ओर से कोई प्रतिक्रिया नहीं हुई है। ऐसा माना जा रहा है कि सभी आतंकवादी मारे गए हैं।

ड्रोन के माध्यम से केवल तीन आतंकवादियों के शव ही देखे गए हैं तथा दो अन्य का अभी भी पता नहीं चल पाया है।

अधिकारियों ने बताया कि राजबाग के घाटी जूथाना में जखोले गांव के निकट आतंकवादियों के खिलाफ अभियान बृहस्पतिवार सुबह करीब आठ बजे शुरू हुआ।

यह अभियान पाकिस्तान स्थित जैश-ए-मोहम्मद के संदिग्ध आतंकवादियों के एक समूह के खिलाफ पुलिस के नेतृत्व में तेज किए गए अभियान के बीच शुरू हुआ है। ये आतंकवादी हाल ही में हीरानगर सेक्टर में अंतरराष्ट्रीय सीमा पार से घुसपैठ कर आए थे।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

(The above story first appeared on LatestLY on Mar 28, 2025 10:32 AM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).