देश की खबरें | ओडिशा के केआईआईटी में एक और नेपाली छात्रा की मौत, हिमालयी देश केंद्र के संपर्क में

भुवनेश्वर, दो मई नेपाल ने ओडिशा के भुवनेश्वर एक प्रमुख प्रौद्योगिकी संस्थान में पढ़ने वाली अपने यहां की एक छात्रा की मौत की जांच के लिए कूटनीतिक पहल शुरू कर दी है। हिमालयी देश के विदेश मंत्रालय ने यह जानकारी दी।

नेपाली मूल की 18 वर्षीय छात्रा का शव बृहस्पतिवार को कलिंगा औद्योगिक प्रौद्योगिकी संस्थान (केआईआईटी) के छात्रावास स्थित उसके कमरे में बरामद किया गया।

वह यहां बीटेक कंप्यूटर साइंस की छात्रा थी।

इसी संस्थान की एक अन्य नेपाली छात्रा प्रकृति लामसाल ने 16 फरवरी को कथित तौर पर आत्महत्या कर ली थी और इसके करीब ढाई महीने बाद यह घटना हुई है।

नेपाल की विदेश मंत्री आरजू राणा देउबा ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘भारत के ओडिशा में केआईआईटी विश्वविद्यालय में पढ़ने वाली नेपाली छात्रा प्रिसा साह अपने छात्रावास के कमरे में मृत पाई गईं। इस घटना ने हमें बहुत दुखी कर दिया है। मैं प्रिसा की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करती हूं और इस दुखद घड़ी में उनके परिवार के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करती हूं।’’

उन्होंने कहा, ‘‘घटना के तुरंत बाद, विदेश मंत्रालय ने भारत सरकार, ओडिशा सरकार और दिल्ली स्थित नेपाल दूतावास के उच्च पदस्थ अधिकारियों के माध्यम से घटना के सही कारणों की जांच के लिए कूटनीतिक पहल शुरू की है।’’

भारत में नेपाल के राजदूत शंकर पी. शर्मा ने कहा कि अधिकारी गहन जांच के लिए विदेश मंत्रालय, ओडिशा सरकार, पुलिस और विश्वविद्यालय के साथ समन्वय स्थापित कर रहे हैं।

पुलिस आयुक्त एस. देव दत्ता सिंह ने ‘पीटीआई-’ को बताया, ‘‘नेपाल निवासी एक छात्रा का शव बरामद किया गया है और ऐसा प्रतीत होता है कि उसने केआईआईटी के छात्रावास में आत्महत्या की है।’’

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)