देश की खबरें | गोंडा में पुलिस मुठभेड़ के बाद एक और गौ तस्कर गिरफ्तार
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. गोंडा जिले में सोमवार तड़के पुलिस के साथ मुठभेड़ के बाद 25 हजार रुपए के इनामी अन्तरराज्यीय गौ तस्कर गिरोह के एक और सदस्य को गिरफ्तार कर लिया गया।
गोंडा (उप्र), 11 अप्रैल गोंडा जिले में सोमवार तड़के पुलिस के साथ मुठभेड़ के बाद 25 हजार रुपए के इनामी अन्तरराज्यीय गौ तस्कर गिरोह के एक और सदस्य को गिरफ्तार कर लिया गया।
पिछले कुछ दिनों से नवाबगंज थाने की पुलिस और स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (एसओजी) आरोपी की तलाश कर रहा था।
पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार मिश्र ने आज यहां पत्रकारों को बताया कि 13/14 मार्च 2022 की रात में नवाबगंज थाना क्षेत्र के अन्तर्गत गोवंश से लदा एक ट्रक बरामद हुआ था, जिसमें 24 गोवंशीय पशु थे। इनमें चार पशुओं की मृत्यु हो गयी थी। इस संबंध में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
जांच में मिले साक्ष्यों के आधार पर गौ तस्करी में लिप्त गिरोह के सरगना सलीम समेत दिलीप यादव को गिरफ्तार कर लिया गया था। एसपी ने बताया कि सोमवार तड़के गिरोह के एक सदस्य सब्बू के नवाबगंज थाना क्षेत्र के परशुराम पुर मार्ग के निकट कोयला डिपो पर मौजूद होने की सूचना मिली।
सूचना के आधार पर मौके पर पहुंची पुलिस और आरोपी के बीच मुठभेड़ शुरू हो गई। पुलिस ने आत्मरक्षा में गोली चलायी जिससे सब्बू जख्मी हो गया। पुलिस ने घेराबंदी करके उसे गिरफ्तार कर लिया।
तलाशी के दौरान उसके कब्जे से एक अवैध तमंचा तथा दो कारतूस बरामद किए गए हैं। अभियुक्त को प्राथमिक उपचार के लिए स्थानीय सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र में भर्ती कराया गया है।
एसपी ने बताया कि नौ-दस अप्रैल की रात में पुलिस मुठभेड़ में सब्बू अंधेरे का फायदा उठाकर भाग निकला था। इस मुठभेड़ में शनिवार रात गिरोह के सरगना सलीम को गिरफ्तार कर लिया गया था।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Apr 11, 2022 02:05 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

