देश की खबरें | आंध्रप्रदेश के मुख्यमंत्री ने पाकिस्तान के खिलाफ 'ऑपरेशन सिन्दूर' की सराहना की

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन चंद्रबाबू नायडू और विपक्ष के नेता वाई एस जगन मोहन रेड्डी ने जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकवादी हमले के जवाब में बुधवार को भारतीय सशस्त्र बलों द्वारा चलाए गए ‘ऑपरेशन सिंदूर’ की सराहना की।

अमरावती, सात मई आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन चंद्रबाबू नायडू और विपक्ष के नेता वाई एस जगन मोहन रेड्डी ने जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकवादी हमले के जवाब में बुधवार को भारतीय सशस्त्र बलों द्वारा चलाए गए ‘ऑपरेशन सिंदूर’ की सराहना की।

मुख्यमंत्री नायडू ने भारतीय सेना के अतिरिक्त लोक सूचना महानिदेशक के 'एक्स' पोस्ट को दोबारा साझा (रीपोस्ट) करते हुए "जय हिंद" लिखा।

वहीं, पूर्व मुख्यमंत्री और वाईएसआर कांग्रेस के अध्यक्ष जगन मोहन रेड्डी ने ‘ऑपरेशन सिंदूर’ को पहलगाम आतंकवादी हमले के खिलाफ निर्णायक कार्रवाई बताया।

रेड्डी ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, “ऐसे समय में इस तरह की अपरिहार्य कार्रवाई देश की संप्रभुता की रक्षा और नागरिकों की सुरक्षा में राष्ट्र की अटूट शक्ति को दर्शाती है। हम सभी आपके साथ हैं।”

आंध्र प्रदेश भाजपा अध्यक्ष डी पुरंदेश्वरी ने भी ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, “न्याय हुआ है, जय हिंद।”

भारतीय सशस्त्र बलों ने मंगलवार और बुधवार की दरमियानी रात पाकिस्तान एवं पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर में नौ आतंकवादी ठिकानों पर मिसाइल हमले किए, जिनमें बहावलपुर में जैश-ए-मोहम्मद का गढ़ और मुरीदके में लश्कर-ए-तैयबा का ठिकाना शामिल है।

पहलगाम हमले के दो सप्ताह बाद ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के तहत ये सैन्य हमले किए गए। पहलगाम आतंकवादी हमले में 26 भारतीय नागरिकों की जान गई थी।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\