खेल की खबरें | अंडमान एवं निकोबार के डेविड बैकहम को राष्ट्रीय खेलों की साइकिलिंग स्पर्धा में स्वर्ण

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on Sports at LatestLY हिन्दी. अंडमान एवं निकोबार द्वीप समूह के साइकिलिस्ट डेविड बेकहम एल्काटोचून्गो ने मंगलवार को यहां राष्ट्रीय खेलों की पुरुषों की एलीट स्प्रिंट स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीता।

रुद्रपुर (उत्तराखंड), चार फरवरी अंडमान एवं निकोबार द्वीप समूह के साइकिलिस्ट डेविड बेकहम एल्काटोचून्गो ने मंगलवार को यहां राष्ट्रीय खेलों की पुरुषों की एलीट स्प्रिंट स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीता।

इक्कीस साल के डेविड बैकहम ने दो लैप की स्पर्धा 10.691 सेकेंड के समय के साथ जीती। मणिपुर के लेतोनजाम रोनाल्डो सिंह (10.724 सेकेंड) और अंडमान एवं निकोबार के ही एसो एल्बेन (10.826 सेकेंड) ने क्रमश: रजत और कांस्य पदक जीते।

यहां नए शिवालिक वेलोड्रोम पर प्रतिस्पर्धा कर रहे देश के साइकिलिंग के तीन सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ियों के बीच कड़ी टक्कर देखने को मिली जिसमें अंतत: डेविड बैकहम शीर्ष पर रहे।

डेविड बैकहम जब 2022 राष्ट्रमंडल खेलों के लिए ब्रिटेन गए थे तो वहां के आव्रजन अधिकारी उस समय हैरान रह गए जब इस खिलाड़ी ने उन्हें अपना नाम बताया। उन्होंने भारतीय खिलाड़ी से पूछा कि क्या डेविड बैकहम उनका असली नाम है।

डेविड बैकहम के पासपोर्ट को दो बार जांचने के बाद आव्रजन अधिकारियों ने उन्हें देश में प्रवेश की स्वीकृति दी।

भारत के स्टार साइकिलिस्ट को यह नाम उनके पिता ने दिया था जो एक ‘स्ट्रीट फुटबॉलर’ थे और इंग्लैंड के महान फुटबॉल खिलाड़ी और पूर्व कप्तान डेविड बेकहम के प्रशंसक थे।

दिन की अन्य स्पर्धाओं में कर्नाटक की कीर्ति रंगास्वामी ने महिला एलीट स्क्रैच 10 किमी रेस में स्वर्ण पदक जीता। असम की चयानिका गोगोई को रजत जबकि हरियाणा की मीनाक्षी को कांस्य पदक मिला।

पुरुष एलीट स्क्रैच रेस (15 किमी) में सेना के साहिल कुमार ने स्वर्ण पदक हासिल किया। केरल के अद्वैथ शंकर और सेना के कृष्णा नयाकोडी ने क्रमश: रजत और कांस्य पदक जीते।

महिला एलीट स्प्रिंट में महाराष्ट्र की श्वेता बालू गुंजल ने 12.745 सेकेंड के समय के साथ शीर्ष स्थान हासिल किया। अंडमान एवं निकोबार की सेलेस्टिना (12.848 सेकेंड) ने दूसरा जबकि दिल्ली की त्रियाशा पॉल (12.799 सेकेंड) ने तीसरा स्थान हासिल किया।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now