ब्रह्मपुर (ओडिशा), 16 दिसंबर ओडिशा के गंजाम जिले में शनिवार को एक जेल में एक विचाराधीन कैदी मृत पाया गया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि भंजनगर में उपजेल के शौचालय में विचाराधीन कैदी दीपक कुमार बारिक (26) फंदे पर लटका पाया गया।
उन्होंने बताया कि बारिक तारसिंगी क्षेत्र का रहने वाला था और उसे अपनी पत्नी की कथित रूप से हत्या करने को लेकर पिछले महीने गिरफ्तार किया गया था।
अधिकारियों ने बताया कि वह 26 नवंबर से जेल में था।
उपजेल के अधीक्षक दंडापाणि पात्रा ने कहा, ‘‘वह सुबह स्नान करने स्नानघर में गया था लेकिन काफी देर तक बाहर नहीं आया। सुरक्षाकर्मियों को शक हुआ और उन्होंने दरवाजा खटखटाया। जब अंदर से कोई आवाज नहीं आयी तब वे स्नानघर में घुस गये और वहां उन्होंने उसे फंदे पर लटका पाया।’’
पात्रा ने बताया कि बारिक ने अंदर से स्नानघर का दरवाजा बंद नहीं किया था।
उन्होंने बताया कि बारिक को तत्काल उपसंभागीय अस्पताल ले जाया गया जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
उन्होंने कहा, ‘‘आत्महत्या की सटीक वजह का अब तक पता नहीं चल पाया है।’’
पात्रा ने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद उसका शव उसके परिवार के सदस्यों को सौंप दिया गया।
राजकुमार
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)












QuickLY