देश की खबरें | अमृतसर: पुलिस ने सीमा पार मादक पदार्थ तस्करी गिरोह का भंडाफोड़ किया, चार गिरफ्तार
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. पंजाब पुलिस ने पाकिस्तान से मादक पदार्थों की तस्करी कर भारत में लाने वाले एक गिरोह का भंडाफोड़ कर उसके उसके चार सदस्यों को गिरफ्तार किया है। राज्य पुलिस के शीर्ष अधिकारी ने शनिवार को यह जानकारी दी।
चंडीगढ़, पांच जुलाई पंजाब पुलिस ने पाकिस्तान से मादक पदार्थों की तस्करी कर भारत में लाने वाले एक गिरोह का भंडाफोड़ कर उसके उसके चार सदस्यों को गिरफ्तार किया है। राज्य पुलिस के शीर्ष अधिकारी ने शनिवार को यह जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि आरोपियों के पास से पांच किलोग्राम हेरोइन जब्त की गई है।
पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) गौरव यादव ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अमृतसर के धनोई कलां निवासी रेशम सिंह और गुरपिंदर सिंह तथा सेहनेवाली निवासी रूपप्रीत सिंह और शुभकर मंजीत सिंह के रूप में हुई है।
अधिकारी ने बताया कि पांच किलोग्राम हेरोइन के अलावा पुलिस ने आरोपियों से मादक पदार्थ की खेप ले जाने में इस्तेमाल की जा रही एक एसयूवी और एक मोटरसाइकिल भी जब्त की है।
उन्होंने बताया कि जांच में खुलासा हुआ है कि आरोपी काका नामक एक पाकिस्तानी तस्कर के निर्देश पर काम कर रहे थे, जो सीमा पार से मादक पदार्थों की खेप गिराने के लिए ड्रोन का इस्तेमाल करता रहा है।
अधिकारी ने बताया कि आरोपी राज्य में अन्य लोगों को मादक पदार्थ की खेप पहुंचाने का काम करते थे।
डीजीपी ने ऑपरेशन की जानकारी साझा करते हुए कहा कि खुफिया विभाग, अमृतसर की टीम को जानकारी मिली थी कि कुछ लोग धनोई कलां गांव में भारत-पाकिस्तान सीमा के पास नशीले पदार्थों की खेप लेकर आएंगे।
अधिकारी ने बताया कि पुलिस ने हेरोइन की खेप पहुंचाने के लिए अटारी से पुल कंजरी रोड की ओर कार में जा रहे चार लोगों को रोका। तलाशी में उनकी कार से हेरोइन बरामद की गई।
अधिकारी ने बताया कि स्वापक औषधि एवं मन:प्रभावी पदार्थ अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है और आगे की जांच जारी है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Jul 05, 2025 10:34 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

