एजेंसी न्यूज

पश्चिम बंगाल में चक्रवात 'अम्फान' से मृतकों की संख्या हुई 85, बिजली और पानी की आपूर्ति को लेकर प्रदर्शन

पश्चिम बंगाल में चक्रवात अम्फान के कारण मरने वालों की संख्या बढ़कर 85 हो गई है. वहीं कोलकाता में नाराज लोगों ने तीन दिन बाद भी स्थिति सामान्य कर पाने में प्रशासन की विफलता के खिलाफ प्रदर्शन किया और शहर के विभिन्न हिस्सों में सड़कों को बाधित कर दिया.

पश्चिम बंगाल में चक्रवात 'अम्फान' से मृतकों की संख्या हुई 85, बिजली और पानी की आपूर्ति को लेकर प्रदर्शन
चक्रवात अम्फान (Photo Credits: Twitter)

कोलकाता, 23 मई: पश्चिम बंगाल में चक्रवात अम्फान (Amphan) के कारण मरने वालों की संख्या बढ़कर 85 हो गई है. वहीं कोलकाता में नाराज लोगों ने तीन दिन बाद भी स्थिति सामान्य कर पाने में प्रशासन की विफलता के खिलाफ प्रदर्शन किया और शहर के विभिन्न हिस्सों में सड़कों को बाधित कर दिया. चक्रवात के कारण जन-जीवन बुरी तरह से प्रभावित होने के बाद, प्रशासन के तमाम अधिकारी राज्य के विभिन्न हिस्सों में स्थिति को सामान्य बनाने के लिए जुटे हुए हैं.

पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी (Mamata Banerjee) चक्रवात अम्फान से प्रभावित दक्षिण 24 परगना जिले का शनिवार को दौरा कर स्थिति का जायजा ले सकती हैं. राज्य में बुधवार को चक्रवात अम्फान के भीषण तबाही मचाने के बाद लाखों लोग बेघर हो गए, कई घर बर्बाद हो गए, हजारों पेड़ उखड़ गए और निचले इलाके जलमग्न हो गए.

यह भी पढ़ें: चक्रवात अम्फान : प्रधानमंत्री मोदी ने कहा-पश्चिम बंगाल, ओडिशा के लोगों के साथ खड़ा है समूचा राष्ट्र

आधिकारिक सूत्रों के मुताबिक, राज्य के करीब 1.5 करोड़ लोग सीधे तौर पर प्रभावित हुए हैं और चक्रवात के कारण 10 लाख से ज्यादा घर बर्बाद हो गए.कोलकाता के कुछ हिस्सों और उत्तर एवं दक्षिण 24 परगना में भले ही बिजली और मोबाइल सेवाएं बहाल कर ली गईं हैं लेकिन बिजली के खंभे उखड़ जाने और संचार लाइनें टूट जाने से अब भी कई इलाके अंधकार में डूबे हुए हैं.

कोलकाता के विभिन्न हिस्सों में लोग बिजली और पानी की तत्काल आपूर्ति बहाल करने की मांग के साथ शुक्रवार रात से प्रदर्शन कर रहे हैं और सड़कें बाधित की हुई हैं. कोलकाता नगर निगम प्रशासक बोर्ड के प्रमुख फरहाद हाकिम ने आश्वासन किया है कि एक हफ्ते के भीतर स्थिति सामान्य हो जाएगी क्योंकि सरकारी अधिकारी स्थिति में सुधार के लिए लगातार काम कर रहे हैं.

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, लेटेस्टली स्टाफ ने इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया है)

(The above story first appeared on LatestLY on May 23, 2020 12:27 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).