एजेंसी न्यूज

गृह मंत्री अमित शाह बृहस्पतिवार को पश्चिम बंगाल के दो दिवसीय दौरे पर जाएंगे

भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह बृहस्पतिवार को दो दिवसीय दौरे पर पश्चिम बंगाल जाएंगे. आधिकारिक सूत्रों ने यह जानकारी दी. पिछले साल पश्चिम बंगाल में हुए विधानसभा चुनाव के बाद शाह पहली बार राज्य का दौरा करेंगे.

गृह मंत्री अमित शाह बृहस्पतिवार को पश्चिम बंगाल के दो दिवसीय दौरे पर जाएंगे
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह (Photo Credit : Twitter)

नयी दिल्ली, 5 मई : भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह (Amit Shah) बृहस्पतिवार को दो दिवसीय दौरे पर पश्चिम बंगाल जाएंगे. आधिकारिक सूत्रों ने यह जानकारी दी. पिछले साल पश्चिम बंगाल में हुए विधानसभा चुनाव के बाद शाह पहली बार राज्य का दौरा करेंगे. सूत्रों ने बताया कि शाह इस दौरान सभी सांसदों और विधायकों सहित अपनी पार्टी की पश्चिम बंगाल इकाई के नेताओं से मिलेंगे. उन्होंने बताया कि शाह का पश्चिम बंगाल में एक जनसभा को संबोधित करने और भारत-बांग्लादेश सीमा से लगे अग्रिम इलाकों का दौरा करने का भी कार्यक्रम है.

आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि गृह मंत्री बृहस्पतिवार की सुबह हिंगलगंज में सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) की ‘‘ तैरती सीमा चौकी’’का उद्घाटन करेंगे और हरिदासपुर में मैत्री संग्रहालय की आधारशिला रखेंगे. इसके बाद शाम को केंद्रीय मंत्री सिलीगुड़ी में एक जनसभा को संबोधित करेंगे. सूत्रों ने बताया कि गृह मंत्री शुक्रवार को भारत-बांग्लादेश सीमा के तीन बीघा क्षेत्र का दौरा करेंगे और वहां पर बीएसएफ जवानों के साथ संवाद करेंगे. केंद्रीय मंत्री शुक्रवार को कोलकाता स्थित विक्टोरिया मेमोरियल हॉल में कार्यक्रम में शामिल होने के बाद प्रदेश भाजपा मुख्यालय में पदाधिकारियों के साथ बैठक करेंगे. यह भी पढ़ें : दिल्ली सरकार ने प्राथमिक कक्षाओं में खाली सीटों पर दाखिले के लिए दिशा-निर्देश जारी किए

शाह का पश्चिम बंगाल का दौरा ऐसे समय में हो रहा है जब पार्टी राज्य में अपने संगठनात्मक तंत्र को मजबूत करने का प्रयास कर रही है, जो 2021 के विधानसभा चुनाव परिणामों के बाद से आंतरिक कलह और दलबदल से त्रस्त है. भाजपा सूत्रों ने बताया कि वह वहां राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) कार्यालय भी जाएंगे. प्रदेश भाजपा के एक वरिष्ठ नेता ने कहा, ''सिलीगुड़ी में अमित शाह जी महान गोरखा पर्वतारोही तेनजिंग नोर्गे और कूचबिहार के राजबंशी नेता ठाकुर पंचानन बरमा की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण करेंगे. वहां वे एक जनसभा को संबोधित करेंगे और शाम को दार्जिलिंग के लिए रवाना होंगे.''

(The above story first appeared on LatestLY on May 05, 2022 01:32 AM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).