देश की खबरें | अमित शाह इस साप्तांहात फिर आएंगे मध्य प्रदेश के दौरे पर, मालवा-निमाड़ अंचल पर ध्यान

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह इस साल के अंत में मध्य प्रदेश में प्रस्तावित विधानसभा चुनाव से पहले भाजपा नेताओं से मुलाकात करने और बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं से बातचीत करने के लिए सप्ताहांत में प्रदेश का दौरा करेंगे। यह जानकारी पार्टी के एक पदाधिकारी ने शुक्रवार को दी।

भोपाल/इंदौर, 28 जुलाई केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह इस साल के अंत में मध्य प्रदेश में प्रस्तावित विधानसभा चुनाव से पहले भाजपा नेताओं से मुलाकात करने और बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं से बातचीत करने के लिए सप्ताहांत में प्रदेश का दौरा करेंगे। यह जानकारी पार्टी के एक पदाधिकारी ने शुक्रवार को दी।

उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) संगठन राज्य में अपनी सत्ता बरकरार रखने के लिए रणनीति तैयार कर रहा है। भाजपा के प्रमुख चुनावी रणनीतिकार और पार्टी के वरिष्ठ नेता का तीन दिन में राज्य का यह दूसरा दौरा होगा। बुधवार को शाह ने राज्य भाजपा कोर समिति की बैठक की अध्यक्षता की।

भाजपा नेता और राज्य के पूर्व गृह मंत्री उमाशंकर गुप्ता ने बताया, ''अमित शाह के शनिवार शाम भोपाल पहुंचने और पार्टी की कोर कमेटी की बैठक की अध्यक्षता करने और वरिष्ठ नेताओं के साथ बातचीत करने की उम्मीद है। रविवार को वह इंदौर रवाना होने से पहले राज्य की राजधानी में संवाददाता सम्मेलन को संबोधित कर सकते हैं।’’

शाह के 30 जुलाई के इंदौर दौरे में सत्तारूढ़ भाजपा की निगाह पश्चिमी मध्य प्रदेश के मालवा-निमाड़ अंचल के कार्यकर्ताओं में आगामी चुनावों से पहले नयी ऊर्जा का संचार करने पर होगी।

किसानों और आदिवासियों की बड़ी आबादी वाले इस अंचल में विधानसभा की 66 सीटें हैं और 2018 के पिछले चुनावों के दौरान भाजपा को इस क्षेत्र में कांग्रेस के हाथों बड़ा नुकसान झेलना पड़ा था।

भाजपा के एक पदाधिकारी ने बताया कि शाह ने आगामी विधानसभा चुनावों के मद्देनजर राजधानी भोपाल में भाजपा की कोर कमेटी की बैठक की बुधवार को अध्यक्षता की थी और इस बैठक में उनके 30 जुलाई के इंदौर दौरे की भूमिका बनी।

इंदौर, मालवा-निमाड़ अंचल की राजनीति का सबसे बड़ा केंद्र है और हाल के दिनों में यह पहली बार होगा, जब बड़े नेताओं की बैठक लेकर भाजपा की चुनावी तैयारियों को गति दे रहे शाह बूथ स्तर तक के पार्टी कार्यकर्ताओं के बीच पहुंचेंगे।

भाजपा के प्रदेश मीडिया विभाग के सह प्रभारी दीपक जैन ‘‘टीनू’’ ने ‘पीटीआई-’ को बताया, ‘‘शाह इंदौर दौरे में भाजपा के कम से कम 25,000 ऐसे कार्यकर्ताओं के सम्मेलन को संबोधित करेंगे जिनके पास मालवा-निमाड़ अंचल में पार्टी का कोई न कोई दायित्व है।’’

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\