देश की खबरें | अमित शाह, भाजपा नेताओं से मिलने राकांपा के अजित पवार, प्रफुल्ल पटेल दिल्ली पहुंचे

नयी दिल्ली, 12 जुलाई महाराष्ट्र में विभागों के बंटवारे को लेकर गतिरोध के बीच राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) के वरिष्ठ नेता अजित पवार और प्रफुल्ल पटेल केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह तथा भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के शीर्ष नेताओं के साथ बैठक के लिए बुधवार शाम यहां पहुंचे।

राकांपा के कार्यकारी अध्यक्ष पटेल ने यहां पत्रकारों से बातचीत में महाराष्ट्र में सत्तारूढ़ भाजपा-शिवसेना-राकांपा गठबंधन में दरार की अटकलों को खारिज कर दिया और कहा कि विभागों के आवंटन के मुद्दे को सुलझा लिया गया है तथा एक-दो दिन में राज्य में मंत्रिमंडल विस्तार हो जायेगा।

दो जुलाई को एक आश्चर्यजनक घटनाक्रम में, शरद पवार के नेतृत्व वाली राकांपा विभाजित हो गई जब उनके भतीजे अजित पवार और लगभग तीन दर्जन विधायक सत्तारूढ़ शिवसेना-भाजपा गठबंधन में शामिल हो गए। अजित पवार ने उपमुख्यमंत्री और आठ अन्य राकांपा नेताओं ने मंत्री पद की शपथ ली।

पटेल ने कहा, ‘‘यह केवल भाजपा के वरिष्ठ नेताओं से एक शिष्टाचार मुलाकात है। भाजपा के शीर्ष नेतृत्व के साथ अजित दादा और मेरी कोई औपचारिक भेंट नहीं हुई है। हम गृहमंत्री अमित शाह और भाजपा के अन्य नेताओं से मुलाकात करेंगे।’’

पटेल और अजित पवार के अलावा राकांपा के वरिष्ठ नेता हसन मुश्रीफ भी राष्ट्रीय राजधानी में हैं। हालांकि, पटेल ने कहा कि मुश्रीफ कुछ निजी काम से यहां आए हैं और वह भाजपा नेताओं के साथ बैठक में अजित पवार और उनके साथ शामिल नहीं होंगे।

पटेल ने कहा कि अजित पवार और वह 18 जुलाई को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से मुलाकात करेंगे जब भाजपा द्वारा राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के घटक दलों की बैठक बुलाई गई है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)