पटियाला, दो जून विश्व चैम्पियनशिप के पदक विजेता मुक्केबाज अमित पंघाल और शिवा थापा ने गुरूवार को यहां ट्रायल्स जीतकर आगामी राष्ट्रमंडल खेलों के लिये भारतीय टीम में जगह बना ली है ।
विश्व चैम्पियनशिप 2019 के रजत पदक विजेता पंघाल ने 51 किलोवर्ग में जीत दर्ज की जबकि थापा ने 63.5 किलो वर्ग में ट्रायल जीता ।
इनके अलावा 2018 के कांस्य पदक विजेता मोहम्मद हसमुद्दीन (57 किलो), रोहित टोकस (67 किलो) गत राष्ट्रीय चैम्पियन सुमित (75 किलो) , आशीष कुमार (80 किलो), संजीत (92 किलो) और सागर (92 प्लस किलो) भी टीम में जगह बनाने में कामयाब रहे हैं ।
राष्ट्रमंडल खेल बर्मिंघम में 28 जुलाई से आठ अगस्त तक खेले जायेंगे ।
पंघाल ने सेना के मुक्केबाज दीपक को बंटे हुए फैसले पर 4 . 1 से हराया । पंघाल ने गोल्ड कोस्ट में हुए पिछले राष्ट्रमंडल खेलों में रजत पदक जीता था ।
विश्व चैम्पियनशिप 2015 के कांस्य पदक विजेता थापा ने 2018 राष्ट्रमंडल खेलों के रजत पदक विजेता मनीष कौशिक को 5 . 0 से मात दी ।
वहीं 57 किलोवर्ग में हसीमुद्दीन ने 2019 एशियाई चैम्पियनशिप के रजत पदक विजेता कविंदर सिंह बिष्ट को 4 . 1 से हराया । रेलवे के रोहित ने उत्तर प्रदेश के आदित्य प्रताप यादव को वेल्टरवेट वर्ग में 3 . 2 से मात दी ।
सुमित , आशीष, संजीत और सागर सभी ने 5 . 0 से जीत दर्ज की ।
भारत ने 2018 राष्ट्रमंडल खेलों में मुक्केबाजी में तीन स्वर्ण, तीन रजत और तीन कांस्य पदक जीते थे । महिला वर्ग के ट्रायल अगले सप्ताह होंगे ।
भारतीय टीम :
अमित पंघाल (51 किलो),शिवा थापा (63.5 किलो), मोहम्मद हसमुद्दीन (57 किलो), रोहित टोकस (67 किलो), गत राष्ट्रीय चैम्पियन सुमित (75 किलो) , आशीष कुमार (80 किलो), संजीत (92 किलो) और सागर (92 प्लस किलो)।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)










QuickLY