विदेश की खबरें | अमेरिका: छह जनवरी की हिंसा मामले में एक व्यक्ति को चार साल की सजा
श्रीलंका के प्रधानमंत्री दिनेश गुणवर्धने

अभियोजकों ने बताया कि ‘कैपिटल बिल्डिंग’ (संसद भवन) में हिंसा के दौरान लिंडेन, मिशिगन के स्वयंभू मिलिशिया नेता मैथ्यू थॉमस क्रोल (65) ने पुलिसकर्मियों से छीने गए डंडे से कम से कम तीन अधिकारियों पर हमला किया, जिनमें से एक घायल हो गया।

एक अभियोजक ने कहा कि क्रोल हिंसा भड़काने वाले लोगों में से एक था जिसके कारण अधिकारी इमारत के वेस्ट प्लाजा पर हमला करने वाले दंगाइयों की भीड़ से पीछे हटने को मजबूर हुई।

कैपिटल पुलिस के सार्जेंट एक्विलिनो गोनेल सहित अन्य अधिकारियों पर क्रोल के हमले का फुटेज मिला था। अमेरिकी जिला न्यायाधीश रूडोल्फ कॉन्ट्रेरास द्वारा चार साल और तीन महीने की जेल की सजा सुनाए जाने से पहले क्रोल ने अदालत कक्ष में मौजूद गोनेल से माफी मांगी। क्रोल को फरवरी 2022 में गिरफ्तार किया गया था। जेल में बिताई गई अवधि को सजा से घटाया जाएगा।

अभियोजकों के अनुसार, क्रोल मिशिगन में जेनेसी काउंटी वालंटियर मिलिशिया का एक स्व-घोषित कार्यकारी अधिकारी है।

क्रोल पर दंगा मामले की साजिश में शामिल होने का कोई आरोप नहीं है, लेकिन संघीय जांच एजेंसी (एफबीआई) को फेसबुक पर संदेश मिले जो उसने मिशिगन में मिलिशिया समूह के नेताओं के साथ निजी तौर पर आदान-प्रदान किए गए थे।

कैपिटल हिंसा-संबंधी अपराधों के लिए 1,200 से अधिक लोगों पर आरोप लगाए गए हैं। उनमें से लगभग 900 ने मुकदमे के दौरान अपना दोष स्वीकार कर लिया या न्यायाधीश या जूरी द्वारा उन्हें दोषी ठहराया गया। 700 से अधिक लोगों को सजा सुनाई गई है, जिनमें से लगभग दो-तिहाई को तीन दिन से लेकर 22 साल तक की जेल की सजा मिली है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)